उदयपुर

RBSE 10th Result: न ट्यूशन, न बड़ी सुविधाएं…सिर्फ मेहनत के दम पर ऑटो चालक की बेटी दिक्षिता खटीक ने हासिल किए 96.17% अंक

RBSE 10th Result: कानोड़ में ऑटो चालक की बेटी दिक्षिता खटीक ने 10वीं में 96.17% अंक हासिल कर टॉप किया। सीमित संसाधनों के बावजूद पिता टेंपो चलाकर और मां सिलाई कर पढ़ाई में सहयोग करते रहे। दिक्षिता की मेहनत और लगन ने उसे सफलता दिलाई, जो समाज के लिए प्रेरणा बनी।
2 min read
Mar 25, 2026
RBSE 10th Result No Tuition No Luxuries Auto Driver Daughter Dikshita Khatik Scores 96.17% Through Hard Work
ऑटो चालक की बेटी दिक्षिता खटीक ने हासिल किए 96.17% अंक (फोटो- पत्रिका)

RBSE 10th Result Success Story: कानोड़ (उदयपुर): राजकीय अग्रसेन कुमारी बालिका विद्यालय की छात्रा दिक्षिता खटीक ने दसवीं की परीक्षा में 96.17 प्रतिशत अंक हासिल कर सबको प्रेरित किया है। दिक्षिता एक साधारण परिवार से आती हैं, जहां पिता तेज प्रकाश खटीक किराए का टेंपो चलाकर घर का खर्च और बेटियों की पढ़ाई का जिम्मा निभाते हैं।

वहीं, मां मंजू खटीक गृहिणी होने के साथ सिलाई का काम कर परिवार का सहयोग करती हैं। घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के बावजूद माता-पिता ने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी। दिक्षिता ने भी अपने माता-पिता के संघर्षों को देखकर पढ़ाई को ही अपनी प्राथमिकता बनाया।

उसने पूरी मेहनत पढ़ाई पर केंद्रित रखी। दिक्षिता की उपलब्धि न केवल उसके परिवार के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। सीमित संसाधनों में हासिल किया गया यह मुकाम यह संदेश देता है कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और मेहनत से सफलता पाई जा सकती है।

सलूंबर ने रचा शिक्षा का स्वर्णिम इतिहास

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा मंगलवार को घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में सलूंबर जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया। इस बार जिले का कुल परिणाम 91.26% रहा, जो पिछले वर्ष के 88.61% की तुलना में 2.65% की शानदार बढ़त दर्शाता है।

खास बात यह रही कि पहली बार मार्च महीने में 10वीं का परिणाम 12वीं से पहले जारी किया गया, जिससे बोर्ड ने भी एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।

इस वर्ष आयोजित परीक्षाओं में जिले से कुल 9394 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 9052 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 4294 छात्र और 4758 छात्राएं थीं।

रिजल्ट में हर श्रेणी में सुधार देखने को मिला

  • प्रथम श्रेणी: 2805 विद्यार्थी
  • द्वितीय श्रेणी: 3977 विद्यार्थी
  • तृतीय श्रेणी: 1320 विद्यार्थी

छात्रों ने पलटी बाजी

पिछले साल जहां छात्राएं आगे थीं। वहीं, इस बार छात्रों ने 91.35% परिणाम के साथ छात्राओं (91.18%) को मामूली अंतर से पीछे छोड़ दिया।

कुलदीप ने 10वीं बोर्ड में सर्वाधिक 98 प्रतिशत अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम किया रोशन

10वीं के परीक्षा परिणाम में वेदप्रिया विद्यापीठ सेकेंडरी स्कूल के छात्र कुलदीप लौहार (मोड़ी) ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे उपखंड क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस असाधारण उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक जगन्नाथ नागदा, सहित स्थानीय ग्रामीणों ने कुलदीप को फूल-मालाएं पहनाकर मिठाई खिलाकर स्वागत किया। शिक्षकों ने कुलदीप की मेहनत की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।

अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन को देते हुए कुलदीप ने अपने भविष्य के लक्ष्य को साझा किया। कुलदीप ने बताया की मेरा सपना वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा करना है।

Updated on:
25 Mar 2026 01:24 pm
Published on:
25 Mar 2026 01:23 pm