उदयपुर

Salumbar New Zila Pramukh : कांग्रेस की पुष्पा कुमारी मीणा बनीं जिला प्रमुख, पर 12 वोटों के गठबंधन को कैसे मिले 13 मत

Salumbar New Zila Pramukh : सलूम्बर जिला प्रमुख के चुनाव में बीएपी के चार सदस्यों का समर्थन कांग्रेस के साथ जाने से मुकाबले की तस्वीर बदल गई। कांग्रेस और बीएपी के कुल 12 मत बन रहे थे, लेकिन पुष्पा मीणा को 13 मत मिले। जिस वजह से कांग्रेस की पुष्पा कुमारी मीणा जिला प्रमुख बनीं। पर सवाल है कि 12 वोटों के गठबंधन को 13 मत मिले, कैसे?
4 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 9:34 PM IST
Salumbar zila pramukh election results 2026 Pushpa Kumari Meena new district president rajasthan panchayat chunav
Salumbar New Zila Pramukh : सलूम्बर जिला प्रमुख कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा कुमारी मीणा। फोटो पत्रिका

Salumbar Zila Pramukh : सलूम्बर. जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर बुधवार को हुए चुनाव में सलूम्बर की राजनीति में ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने सदस्य संख्या के पूरे गणित को बदलकर रख दिया। जिला परिषद में 9 सदस्यों के साथ सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद भाजपा जिला प्रमुख का पद हासिल नहीं कर सकी। वहीं, 8 सदस्यों वाली कांग्रेस ने भारत आदिवासी पार्टी के समर्थन और एक अतिरिक्त मत के सहारे जीत दर्ज कर ली। कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा कुमारी मीणा ने भाजपा की लीला मीणा को 5 मतों से पराजित कर जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाया। पुष्पा मीणा को 13 मत मिले, जबकि लीला मीणा के खाते में 8 मत आए। परिणाम सामने आते ही कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल बन गया, वहीं भाजपा खेमे में चुनावी नतीजे को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।

21 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस को मिले 13 मत

सलूम्बर जिला परिषद की 21 सीटों का चुनावी गणित देखें तो भाजपा के पास 9, कांग्रेस के पास 8 और बीएपी के पास 4 सदस्य थे। संख्या बल के लिहाज से भाजपा को कांग्रेस पर एक सीट की बढ़त हासिल थी। लेकिन जिला प्रमुख के चुनाव में बीएपी के चार सदस्यों का समर्थन कांग्रेस के साथ जाने से मुकाबले की तस्वीर बदल गई। कांग्रेस और बीएपी के कुल 12 मत बन रहे थे, लेकिन पुष्पा मीणा को 13 मत मिले। ऐसे में एक अतिरिक्त मत कांग्रेस के पक्ष में गया। राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा की ओर से क्रॉस वोटिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि किस सदस्य ने क्रॉस वोटिंग की, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मंगलवार रात तक उम्मीदवार को लेकर बना रहा सस्पेंस

जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर मंगलवार रात तक भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में प्रत्याशी के नाम को लेकर असमंजस बना रहा। दोनों पार्टियां अपने-अपने स्तर पर रणनीति बनाने और सदस्यों की राय जानने में जुटी रहीं। बुधवार सुबह मतदान से पहले कांग्रेस ने पुष्पा कुमारी मीणा और भाजपा ने लीला मीणा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। इसके बाद चुनावी मुकाबला स्पष्ट हो गया।

चार प्रत्याशियों ने भरे नामांकन, दो ने लिया वापस

बुधवार सुबह पंचायत समिति परिसर में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष जिला प्रमुख पद के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इनमें भाजपा की ओर से लीला मीणा, कांग्रेस की ओर से पुष्पा कुमारी मीणा, बीएपी की अनुराधा जितेश कटारा तथा भाजपा की सदस्य सोनल मीणा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। नामांकन के बाद राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के बीच समझाइश और बातचीत का दौर चला। इसके बाद बीएपी की अनुराधा जितेश कटारा और निर्दलीय प्रत्याशी सोनल मीणा ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इस तरह चुनाव मैदान में कांग्रेस की पुष्पा मीणा और भाजपा की लीला मीणा के बीच सीधा मुकाबला रह गया। दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी घोषित किया गया।

सलूम्बर की राजनीति में पहले भी दिख चुका है क्रॉस वोटिंग का असर

सलूम्बर की स्थानीय राजनीति में क्रॉस वोटिंग का घटनाक्रम पहले भी देखने को मिल चुका है। वर्ष 2020 में पंचायत समिति चुनाव के दौरान भाजपा के पास 11 और कांग्रेस के पास 10 सदस्य थे। प्रधान के चुनाव में मतदान के दौरान कांग्रेस को 11 और भाजपा को 10 मत मिले थे। हाल ही में नगर परिषद चुनाव में भाजपा के पास 12, कांग्रेस के पास 11 मत, एक निर्दलीय और एक मत बीएपी से था, यहां भाजपा को निर्दलीय का साथ मिला, लेकिन भाजपा की ओर से क्रॉस वोटिंग हुई और सभापति कांग्रेस का चुना गया। अब जिला प्रमुख के चुनाव में एक बार फिर भाजपा के अधिक सदस्य होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी को जीत मिलने से क्रॉस वोटिंग की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई है।

मतदान केंद्र पर सोनल मीणा की आंखों से छलके आंसू

जिला प्रमुख चुनाव के दौरान एक भावुक घटनाक्रम भी सामने आया। पंचायत समिति परिसर में मतदान के लिए पहुंची सोनल मीणा की आंखों से उस समय आंसू छलक पड़े, जब उन्होंने अपने पिता से मिलने की गुहार लगाई। मतदान के दौरान बाहर निकलते समय उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भावुक होकर कहा कि मुझे मेरे पापा से मिला दो, मुझे पापा से मिलाओ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने कई बार यह गुहार लगाई, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद पार्टी के पदाधिकारी उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर वहां से ले गए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- यह जनता की जीत

कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा कुमारी मीणा की जीत के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने इसे जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा से नाराज है और चुनाव परिणाम में यह बात सामने आई है। कांग्रेस को मिले समर्थन से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अधिक सदस्य होने के बावजूद वह जिला प्रमुख का चुनाव नहीं जीत सकी।

माण्डली गांव की निवासी हैं नवनिर्वाचित जिला प्रमुख पुष्पा मीणा

नवनिर्वाचित जिला प्रमुख पुष्पा कुमारी मीणा ग्राम एवं पोस्ट माण्डली, तहसील झल्लारा की निवासी हैं। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें जिला परिषद सलूम्बर का जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित किया गया। अब उनके सामने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने की जिम्मेदारी होगी।

भाजपा के लिए परिणाम बना राजनीतिक चर्चा का विषय

जिला प्रमुख चुनाव का परिणाम भाजपा के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण रहा कि पार्टी जिला परिषद में सबसे अधिक 9 सीटें जीतकर आई थी। इसके बावजूद जिला प्रमुख पद के चुनाव में उसके प्रत्याशी को 8 मत ही मिले। दूसरी ओर कांग्रेस के 8 सदस्यों के साथ बीएपी के समर्थन और एक अतिरिक्त मत ने परिणाम बदल दिया। जिससे यह परिणाम भाजपा के लिए राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है।