उदयपुर

उदयपुर में निजी क्लीनिक के बाहर महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बेटी का रो-रोकर बुरा हाल

Udaipur Woman Death: उदयपुर जिले के भींडर नगर के हिंता गेट के पास स्थित एक निजी क्लीनिक के बाहर बुधवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान डबोक क्षेत्र के दरोली निवासी चांदी पत्नी मोहनलाल खटीक के रूप में हुई है।

2 min read
Jun 10, 2026
udaipur woman death suspicious
मौका पर्चा बनती पुलिस। फोटो पत्रिका

Udaipur News : उदयपुर। जिले के भींडर नगर के हिंता गेट के पास स्थित एक निजी क्लीनिक के बाहर बुधवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान डबोक क्षेत्र के दरोली निवासी चांदी पत्नी मोहनलाल खटीक के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि मृतका के साथ मौजूद उसकी बेटी बिलखती रही। मृतका की बेटी दुर्गा पत्नी रोशन खटीक, निवासी निकुंभ अपनी बीमार मां को दोपहर करीब 2 बजे टेंपो से निजी क्लीनिक लेकर पहुंची थी।

बेटी का आरोप है कि क्लीनिक पर उसकी मां का उपचार नहीं किया गया। इसी दौरान महिला की हालत बिगड़ती गई, और शाम करीब 5 बजे क्लीनिक के बाहर चबूतरे पर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका पर्चा तैयार कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों को भी सूचना दी। मृतका पिछले कुछ समय से बीमार थी और पहले भी संबंधित दवाखाने से उपचार लेती थी।

मां की मौत से टूट गई बेटी

घटना के समय मृतका की बेटी दुर्गा अपने मासूम बेटे के साथ मौजूद थी। मां के निधन के बाद वह फूट-फूटकर रोने लगी। उसने कहा कि उसकी मां ही उसका एकमात्र सहारा थी। बेटी की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने उसे ढांढस बंधाया।

लोगों ने चिकित्सा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक तौर पर मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि घटना के समय की पूरी स्थिति सामने आ सके। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले को गंभीरता से लिया गया है।

Published on:
10 Jun 2026 08:10 pm