उदयपुर

राजस्थान में विधायक के सामने हेल्थ ऑफिसर पर भड़के BJP नेता, बोले- न फोन उठ रहा, न ही कोई संतोषजनक जवाब मिल रहा

उदयपुर में विधायक ताराचंद जैन की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी के रवैये पर बीजेपी नेताओं का आक्रोश फूट पड़ा। शहर में मई तक पेचवर्क, सफाई सुधार, आयड़ नदी फेंसिंग, स्ट्रीट लाइट और सीवर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए।

2 min read
Apr 24, 2026
Udaipur BJP Leaders Slam Health Officer Before Tarachand Jain Say Calls Ignored No Satisfactory Response
समीक्षा बैठक​ में मौजूद विधायक और भाजपा नेता (फोटो-पत्रिका)

उदयपुर: शहर में विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में उदयपुर शहर विधायक ने निगम अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। भाजपा मंडल अध्यक्षों और नेताओं के साथ हुई बैठक में जहां शहर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई, वहीं स्वास्थ्य अधिकारी के रवैये को लेकर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई।

विधायक ने स्पष्ट कहा कि सभी के साथ समन्वय बनाकर सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाए। बैठक के दौरान भाजपा नेताओं और मंडल अध्यक्षों ने स्वास्थ्य अधिकारी के फोन नहीं उठाने और संतोषजनक जवाब नहीं देने की शिकायत की। इस पर विधायक ताराचंद जैन ने नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि वे जनप्रतिनिधियों से संवाद बनाए रखें और सफाई व्यवस्था में सुधार लाएं।

आयड़ नदी के दोनों किनारों पर अधूरी फेंसिंग का कार्य जल्द पूर्ण करने को कहा। रेखा ऊंटवाल ने बताया कि कई स्थानों पर दिन में स्ट्रीट लाइट जलती है और विद्युत लाइनें और लाइट्स पेड़ों की ओट में आ गई हैं। इस पर शीघ्र नया टेंडर जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में भाजपा नेता विजय आहूजा, मंडल अध्यक्ष कन्हैया वैष्णव, नानालाल वया, अर्चना शर्मा और राजेश वैष्णव सहित कई जनप्रतिनिधि व निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ये समस्याएं आई सामने

  • विद्युत और टेलीफोन के अनावश्यक खंभों को हटाया जाएगा, इसको लेकर खंभों की सूची बनाई जाएगी।
  • ब्रह्मपुरी में सीवर ओवरफ्लो की समस्या, जमादारों के कार्य नहीं करने की समस्या सामने आई।
  • हाथीपोल क्षेत्र के तीन खंभा क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो की शिकायत पर विधायक 10 दिन में स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
  • स्मार्ट सिटी सड़कों पर फिसलने की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए।
  • नाला-नाली और सड़क निर्माण के लंबित कार्यों के टेंडर शीघ्र करने के निर्देश दिए।

मई में होगा शहरभर में पेचवर्क

मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह दिग्पाल ने सड़कों पर पेचवर्क और स्पीड ब्रेकर की आवश्यकता बताई। इस पर विधायक ने निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जहां-जहां जरूरत है वहां शीघ्र पेचवर्क कराया जाए। अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा ने बताया कि मई माह में पेचवर्क का टेंडर जारी किया जा रहा है।

चार श्मशानों में बनेंगे आधुनिक शवदाह गृह

विधायक ताराचंद जैन ने बताया कि शहर के चार श्मशान घाटों सेक्टर-3, सेक्टर-13, अशोक नगर और रानी रोड पर आधुनिक शवदाह गृह बनाए जाएंगे। इनमें कम लकड़ी के उपयोग से अंतिम संस्कार संभव होगा और परिजनों को विसर्जन के लिए अस्थियां भी मिलेंगी। योजना केंद्र सरकार की सहायता से लागू की जाएगी।

Published on:
24 Apr 2026 12:09 pm