उदयपुर

उदयपुर की 7 तहसीलों में 1000+ अवैध कब्जे चिन्हित: 15 अगस्त से पहले हाईवे पर गरजेगा बुलडोजर, सूची तैयार

उदयपुर में एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी ने सात तहसीलों में 1 हजार 254 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए हैं। इनमें 598 हटाए जा चुके हैं, जबकि 658 पर कार्रवाई बाकी है। हाईवे किनारे होटल, ढाबे और अन्य अवैध निर्माणों पर 15 अगस्त से पहले बुलडोजर अभियान तेज होगा।
2 min read
Jul 24, 2026
Udaipur Encroachment Drive
15 अगस्त से पहले हाईवे पर गरजेगा बुलडोजर (पत्रिका फोटो)

उदयपुर: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और पीडब्ल्यूडी की जमीनों से अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। उदयपुर जिले की सात तहसीलों में दोनों विभागों की जमीनों पर 1 हजार 254 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। इनमें से अब तक 598 से ज्यादा अतिक्रमणों को हटाया जा चुका है, जबकि 658 अतिक्रमण अब भी मौजूद हैं, जिन पर बुलडोजर चलना तय माना जा रहा है। ये वे निर्माण हैं, जो हाईवे के दोनों ओर 40-40 मीटर क्षेत्र के प्रतिबंधित सीमा में हुए हैं। जिले में एनएचएआई की जमीन पर 418 और पीडब्ल्यूडी की जमीन पर 80 के करीब अतिक्रमण है।

हाईवे और तहसीलवार लेखा-जोखा

उदयपुर में नेशनल हाईवे की जमीन पर धार्मिक, आवासीय और व्यावसायिक (होटल/ढाबा) तीन श्रेणियों में अतिक्रमण पाए गए हैं।

  • धार्मिक- 9
  • आवासीय- 97
  • व्यावसायिक (होटल/ढाबा)- 312
  • कुल अतिक्रमण- 418
  • अब तक हटाए- 137
  • बकाया- 281

क्या कहते हैं आंकड़े?

बड़गांव तहसील (एनएच-58)

गोमती चौराहा-उदयपुर सेक्शनः यहां सर्वाधिक 160 अतिक्रमण चिन्हित किए, जिनमें 126 होटल और ढाबे शामिल हैं। इनमें से 20 हटाए गए हैं।

पिंडवाडा-उदयपुर सेक्शन: एक धार्मिक स्थल, 2 घर और 7 कमर्शियल भवन मिले, इनमें से सभी को हटा दिया गया है।

बड़गांव तहसील का कुल आंकड़ाः 170 में से 20 हटाए गए और 150 अतिक्रमण हटाए जाने बाकी हैं।

गोगुंदा तहसील (एनएच-27)

पिंडवाड़ा-उदयपुर सेक्शनः यहां 53 अतिक्रमण हैं, जिनमें 1 धार्मिक, 7 आवासीय, 45 होटल/ढाबे पाए गए। इनमें से 39 को हटाया जा चुका है।

कोटड़ा तहसील (एनएच-27)

पिंडवाड़ा-उदयपुर सेक्शनः 31 अतिक्रमण जिनमें 6 आवासीय और 25 होटल/ढाबे मिले हैं। कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ऋषभदेव तहसील (एनएच-48)

उदयपुर-रतनपुर-शामलाजी सेक्शनः यहां 31 निर्माण चिन्हित किए गए हैं, जिनमें 3 धार्मिक, 5 आवासीय, 23 होटल/ढाबे शामिल थे, इनमें से 17 हटाए जा चुके हैं।

खेरवाड़ा तहसील (एनएच-48)

यहां 21 अतिक्रमण पाए गए हैं, जिनमें 10 आवासीय, 11 होटल/ढाबे शामिल हैं। 12 अतिक्रमण हटाए गए हैं।

गिरवा तहसील (एनएच-27)

पिंडवाड़ा-उदयपुर सेक्शनः 12 अतिक्रमण मिले, सभी हटा दिए गए।

उदयपुर-रतनपुर-शामलाजी सेक्शनः यहां 64 अतिक्रमण (35 आवासीय, 28 होटल/ढाबे) मिले, जिनमें से 19 हटाए गए।

सिक्स लेन ग्रीनफील्ड उदयपुर बाइपासः यहां 14 अवैध निर्माण दर्ज (13 होटल/ढाबे), जिनमें से सभी को हटाया जा चुका है।

भिंडर व वल्लभनगर तहसील (एनएच-76)

भिंडरः कुल 3 व्यावसायिक निर्माण, सभी हटा दिए।

वल्लभनगर: कुल 19 व्यावसायिक निर्माण, 13 हटाए।

टास्क फोर्स करेगी सीधी कार्रवाई

हाईवे सुरक्षा क्षेत्र पर सबसे ज्यादा कब्जा होटल और ढाबा संचालकों का है। उदयपुर में एनएच-58, 27, 48 और ग्रीन फील्ड हाईवे निकल रहे हैं। जिले में इनकी लंबाई करीब 315 किमी से ज्यादा है। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि जिले में एनएचएआई की जमीन पर 418 और पीडब्ल्यूडी की जमीन पर 80 के करीब अतिक्रमण हैं। रोड सेफ्टी टास्क फोर्स की मीटिंग कर रहे हैं। इसके बाद जिले भर में 137 स्थानों से अतिक्रमण हटाए और शेष 281 स्थानों पर नोटिस दिए गए हैं और जल्द ही वहां भी कार्रवाई शुरू होगी।

Updated on:
24 Jul 2026 03:25 pm
Published on:
24 Jul 2026 03:25 pm