उदयपुर

राजस्थान में स्टूडेंट्स के लिए खुशखबरी: 10 साल बाद भी मिलेगी डिग्री, इस विश्वविद्यालय ने दिया ऑनलाइन आवेदन का मौका

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने 2014-15 से बकाया प्रश्न पत्रों के कारण डिग्री से वंचित विद्यार्थियों को अंतिम मौका दिया है। एक दिसंबर 2025 से ऑनलाइन आवेदन भर सकेंगे।
less than 1 minute read
Nov 29, 2025
Udaipur Mohanlal Sukhadia University
डिग्री लेने वाले स्टूडेंट्स के लिए खुशखबरी (पत्रिका फाइल फोटो)

उदयपुर: मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने दस साल से बकाया प्रश्न पत्रों के कारण डिग्री से वंचित विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। ऐसे विद्यार्थी सत्र 2025-26 में परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि वार्षिक पद्धति के अंतर्गत 2014-15 के बाद से जिन विद्यार्थियों की उपाधि बकाया परीक्षाओं के कारण अपूर्ण रही है, उन्हें एक अंतिम विशेष अवसर परीक्षा सत्र 2025-26 में दिया जा रहा है। संबंधित विद्यार्थी एक दिसंबर 2025 से ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र भर सकते हैं।

जारी आदेश के अनुसार, परीक्षा सत्र 2022-23 में बीए, बीकॉम, बीएससी, बीसीएम और एलएलबी द्वितीय वर्ष उत्तीर्ण छात्र सत्र 2025-26 में नियमित प्रवेश की स्थिति में तृतीय वर्ष की परीक्षा नियमित विद्यार्थी के रूप में दे सकेंगे। वहीं, बीएम और बीकॉम द्वितीय वर्ष (स्वयंपाठी) के विद्यार्थी तृतीय वर्ष की परीक्षा स्वयंपाठी रूप में सम्मिलित हो सकेंगे।

परीक्षा के लिए देना होगा अतिरिक्त शुल्क

सत्र 2019-20 से 2021-22 के बीच स्नातक तृतीय वर्ष के कुछ प्रश्न पत्र लंबित रहने के कारण डिग्री पूर्ण नहीं कर पाने विद्यार्थियों को भी पूर्व/स्वयंपाठी विद्यार्थी के रूप में परीक्षा में बैठने की मंजूरी दी गई है। ऐसे अभ्यर्थियों से सामान्य शुल्क के साथ 3000 अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा।

इसी प्रकार सत्र 2014-15 से 2018-19 के बीच तृतीय वर्ष के बकाया प्रश्न पत्र वाले विद्यार्थियों को भी अंतिम अवसर दिया गया है, जिनसे 5000 अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। सत्र 2019-20 से 2022-23 के मध्य स्नातकोत्तर उतरार्द्ध के बकाया प्रश्न पत्र या अनुत्तीर्ण परिणाम वाले विद्यार्थियों को भी मौका दिया गया है। इनके लिए अतिरिक्त शुल्क 3000 निर्धारित किया गया है।

Updated on:
29 Nov 2025 10:49 am
Published on:
29 Nov 2025 09:51 am