उदयपुर

उदयपुर में रिश्ते शर्मसार: माता-पिता ने तंत्र-मंत्र के बहाने शादीशुदा बेटी को बेसुध किया, पति से अलग कर 5 लाख में बेचा

Udaipur News: उदयपुर में एक विवाहिता ने अपने माता-पिता समेत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि तंत्र-मंत्र के बहाने उसे बेसुध कर पति से अलग किया गया और 5 लाख रुपए लेकर दूसरे व्यक्ति को सौंप दिया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे कई राज्यों में ले जाया गया।
2 min read
Jul 09, 2026
Udaipur Crime News
माता-पिता ने शादीशुदा बेटी को पति से अलग कर 5 लाख में बेचा (फोटो-एआई)

Udaipur Crime News: राजस्थान के उदयपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। जहां चंद रुपयों के लालच में सगे माता-पिता और रिश्तेदारों ने मिलकर अपनी ही बेटी की जिंदगी बर्बाद कर दी। प्रतापनगर थाना पुलिस ने एक 26 वर्षीय विवाहिता की शिकायत पर उसके माता-पिता, भाई, मामा, एक कथित तांत्रिक और अन्य रिश्तेदारों समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि उसे न सिर्फ उसके पति से अलग किया गया, बल्कि 5 लाख में किसी दूसरे शख्स को बेच दिया।

तंत्र-मंत्र से बेसुध कर पति से किया अलग

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता की शादी साल 2018 में हुई थी और वह अपने पति के साथ उदयपुर में हंसी-खुशी रह रही थी। आरोप है कि उसके सगे माता-पिता, भाई, मामा, एक महिला और एक कथित तांत्रिक ने मिलकर पहले उसे उसके पति के खिलाफ भड़काया। जब बात नहीं बनी, तो आरोपियों ने तांत्रिक के जरिए तंत्र-मंत्र का सहारा लेकर विवाहिता को बेसुध कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे जबरन उसके पति से अलग कर अपने साथ ले गए।

5 लाख में सौदा

पीड़िता ने इस्तगासे के जरिए दर्ज कराए मामले में बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसका आरोप है कि बेसुध करने के बाद उसके परिजनों ने एक शख्स से 5 लाख रुपए लेकर उसे बेच दिया। इसके बाद उसे राजस्थान और गुजरात के अलग-अलग शहरों और ठिकानों पर बंधक बनाकर ले जाया गया। पीड़िता का आरोप है कि हरथूनगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने बंधक रहने के दौरान उसके साथ कई बार दरिंदगी की। इतना ही नहीं, उसके माता-पिता ने शादी में मिले उसके सारे सोने-चांदी के जेवर भी हड़प लिए।

इंस्टाग्राम के जरिए बची जान

इस नरक जैसी जिंदगी से बाहर निकलने के लिए पीड़िता लगातार मौके की तलाश में थी। होश में आने के बाद, उसने किसी तरह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से अपने पति से संपर्क साधा और अपनी आपबीती बताई। पति की मदद से वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर वापस अपने गांव पहुंच सकी।

फिलहाल, प्रतापनगर थाना पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर सभी 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
09 Jul 2026 02:44 pm
Published on:
09 Jul 2026 02:44 pm