
उदयपुर। जिला प्रमुख चुनाव में बुधवार को बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। संख्या बल में आगे होने के बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा, जबकि भाजपा ने क्रॉस वोटिंग के सहारे बाजी पलट दी। भाजपा के हिम्मत सिंह झाला उदयपुर के नए जिला प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी लालसिंह झाला को 7 वोटों से शिकस्त दी। चुनाव में भाजपा को अपने सदस्यों की संख्या से तीन वोट ज्यादा मिले, जबकि कांग्रेस को अपने खेमे में सेंधमारी का सामना करना पड़ा।
जिला प्रमुख पद के लिए हुए मतदान में हिम्मत सिंह झाला को कुल 27 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के लालसिंह झाला को 20 वोट प्राप्त हुए। इस तरह भाजपा प्रत्याशी ने 7 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह छा गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया और हिम्मत सिंह झाला को कंधों पर उठा लिया।
उदयपुर जिला परिषद में कुल 47 सदस्य हैं। चुनाव परिणाम में भाजपा ने 24 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के खाते में 22 सीटें आईं, जबकि एक सीट भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने जीती थी। इस लिहाज से भाजपा के पास बहुमत के लिए जरूरी संख्या नहीं थी। वहीं कांग्रेस को बीएपी के समर्थन से 23 वोट मिलने की उम्मीद थी।
हालांकि, जिला प्रमुख के चुनाव में नतीजे पूरी तरह उलट रहे। भाजपा को 27 वोट मिले, जो उसके कुल 24 सदस्यों से तीन ज्यादा हैं। दूसरी ओर कांग्रेस को 20 वोट ही मिले। इससे कांग्रेस के खेमे में क्रॉस वोटिंग होने की बात सामने आई है। कांग्रेस प्रत्याशी लालसिंह झाला ने भी हार स्वीकार करते हुए कहा कि उनके खेमे में से ही किसी ने क्रॉस वोटिंग की है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वाले का कोई इलाज नहीं है।
जिला प्रमुख चुनाव के लिए भाजपा ने अपने सभी सदस्यों को एकजुट रखते हुए बस से जिला परिषद पहुंचाया। भाजपा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला भी सदस्यों के साथ मौजूद थे। दूसरी ओर कांग्रेस के सदस्य भी प्रत्याशी लालसिंह झाला के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। दोपहर 3 बजे मतदान शुरू हुआ। दोनों दलों के सदस्यों ने बारी-बारी से अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मतदान और मतगणना पूरी होने के बाद हिम्मत सिंह झाला को विजेता घोषित किया गया। इसके बाद भाजपा सदस्यों ने बस में लौटते समय जमकर जश्न मनाया। झाला के साथ भाजपा शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ और नगर निगम मेयर पारस सिंघवी भी मौजूद रहे। सभी ने बस में नाचकर जीत की खुशी जताई।
चुनाव से पहले भाजपा प्रभारी नाहर सिंह जोधा ने क्रॉस वोटिंग होने की संभावना जताई थी। उन्होंने दावा किया था कि इस बार क्रॉस वोटिंग भाजपा के पक्ष में होगी। परिणाम आने के बाद उनका दावा सही साबित हुआ। वहीं भाजपा मेयर पारस सिंघवी ने कहा कि उन्हें पहले से विश्वास था कि पार्टी को अपने सदस्यों के अलावा भी वोट मिलेंगे।