उदयपुर

उदयपुर जिला प्रमुख चुनाव: 24 सीटें जीतकर भी BJP को क्रॉस वोटिंग का डर, क्या कांग्रेस पलट देगी बाजी?

उदयपुर जिला परिषद में 24 सीटें जीतकर बहुमत तक पहुंची बीजेपी को जिला प्रमुख चुनाव में क्रॉस वोटिंग का डर है। पार्टी ने सभी सदस्यों को रणकपुर के एक रिसॉर्ट में ठहराया है। कांग्रेस भी समर्थन जुटाने में लगी है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 2:30 PM IST
udaipur zila pramukh poll 2026
Udaipur Zila Pramukh Election 2026 (Photo-AI)

Udaipur Zila Pramukh Election 2026: उदयपुर जिला परिषद की 24 सीटें जीतकर बहुमत के आंकड़े तक पहुंची भाजपा के सामने जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल करने से बड़ी चुनौती अपने ही निर्वाचित सदस्यों को एकजुट रखने की है। सामाजिक समीकरणों, दावेदारों की आपसी खींचतान और प्रधान-उपप्रधान पदों के लिए जोड़-तोड़ से पार्टी के भीतर ऐसी स्थिति बन गई है कि निर्वाचित सदस्य एक-दूसरे को संदेह की नजर से देख रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि जिला स्तर के पदाधिकारियों की बात भी कोई सुनने को तैयार नहीं है। अब मामला प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाकर उदयपुर में निष्पक्ष पर्यवेक्षक भेजने की मांग की गई है।

भाजपा ने अपने सभी 24 निर्वाचित सदस्यों को रणकपुर क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में ठहराया है। इसके बावजूद पार्टी के भीतर सियासी जोड़-तोड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। जिला प्रमुख पद के लिए हिम्मत सिंह झाला, चन्द्रगुप्त चौहान, ललित सिंह सिसोदिया और प्रतिभा नागदा के नाम चर्चा में हैं। कई दावेदारों और सामाजिक समीकरणों के चलते किसी एक नाम पर सहमति बनती नजर नहीं आ रही है। इधर, कांग्रेस के लालसिंह झाला और पार्टी के अन्य पदाधिकारी कोडियात स्थित एक रिसॉर्ट में डेरा डाले हुए हैं।

प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचा मामला

पार्टी के जिला स्तर के पदाधिकारियों को भी सदस्यों के बीच तालमेल बैठाने में मुश्किल हो रही है। दावेदारों के बीच अविश्वास और जिला पदाधिकारियों की बात नहीं सुने जाने के चलते मामला मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तक पहुंचाया गया है। मांग की गई है कि प्रदेश नेतृत्व उदयपुर में निष्पक्ष पर्यवेक्षक भेजे, जो सभी सदस्यों से बातचीत कर सहमति बनाने और चुनाव से पहले स्थिति संभालने में मदद कर सके।

खेल बिगाड़ने के लिए एक वोट ही काफी

भाजपा की सबसे बड़ी चिंता यह है कि बहुमत के बावजूद एक वोट भी इधर-उधर हुआ तो पूरा समीकरण बदल सकता है। पार्टी के भीतर आशंका है कि क्रॉस वोटिंग हुई तो जिला प्रमुख की कुर्सी कांग्रेस के खाते में जा सकती है। फिलहाल भाजपा के सभी 24 सदस्य एक ही रिसॉर्ट में हैं, लेकिन अंदरूनी खींचतान जारी है। दूसरी ओर, कांग्रेस भी मौके की तलाश में है। उसके नेता भाजपा के उन सदस्यों और उनके संपर्क सूत्रों तक पहुंच बनाने में जुटे हैं, जिनसे उन्हें समर्थन मिलने की उम्मीद है। भाजपा के भीतर भी चिंता है कि उसके 24 सदस्यों में से किसका रुख कब बदल जाए।

डांगी समाज की नाराजगी ने बढ़ाई मुश्किल

जिला प्रमुख के चुनाव में सामाजिक समीकरण भी अहम हो गए हैं। प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से डांगी समाज की नाराजगी सामने आई है। दलीचंद या कंचन डांगी को उपप्रमुख का पद देने की मांग उठ रही है। इस नाराजगी के बीच समय रहते प्रत्याशी घोषित नहीं किए जाने पर क्रॉस वोटिंग की आशंका है। पार्टी के भीतर जिला प्रमुख पद की दावेदारी के साथ पंचायत समितियों में प्रधान बनाने के समीकरणों पर भी चर्चा चल रही है।