उदयपुर

Rajasthan: मेले में तलवार लेकर पीछे पड़ा युवक, भागने लगे पुलिसकर्मी, मासूम पर किया हमला, मच गई अफरा-तफरी

झाड़ोल के मगवास गांव में तीज मेले के दौरान एक युवक ने तलवार से हमला कर दिया, जिससे 5 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

2 min read
Mar 05, 2026
हमले में घायल मासूम। फोटो- पत्रिका

झाड़ोल। क्षेत्र की ग्राम पंचायत मगवास में तीज पर्व पर आयोजित दो दिवसीय मेले में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने तलवार लहराते हुए हमला कर दिया। इस हमले में एक 5 वर्षीय मासूम बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे मेले में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस प्रशासन ने शाम करीब 5:30 बजे मेला बंद करवा दिया।

जानकारी के अनुसार कमलनाथ रोड पर कपड़े के व्यापारी शंकरलाल पटेल अपने 5 वर्षीय पुत्र कार्तिक को मेला दिखाने के लिए साथ लाए थे। मेला घूमने के बाद दोनों अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान मेले में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने झुंड बनाकर घूम रहे एक युवक को मास्क हटाने के लिए कहा। इस बात पर युवक अचानक भड़क गया और हाथ में तलवार लेकर पुलिसकर्मियों के पीछे दौड़ पड़ा।

ये भी पढ़ें

सोने की तलवार और कटार…राजस्थान में चोरों के हाथ लगा ‘खजाना’, हवेली से उड़ाया 1 किलो सोना-100 किलो चांदी, इलाके में सनसनी

पुलिसकर्मी भी जान बचाकर भागे

युवक का आक्रामक रूप देखकर पुलिसकर्मी जान बचाने के लिए पास ही स्थित शंकरलाल पटेल की दुकान में घुस गए। इसी दौरान आरोपी युवक भी तलवार लेकर दुकान में घुस गया और अंदर मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान तलवार की चपेट में आकर दुकान में बैठे 5 वर्षीय मासूम कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गया।

लोगों में मचा हड़कंप

घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत घायल बालक को उप जिला अस्पताल झाड़ोल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे उपचार के लिए महाराणा भूपाल चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शाम करीब 5:30 बजे मेला बंद करवा दिया। झाड़ोल थाना अधिकारी फेलीराम मीणा ने बताया कि मेला आयोजकों ने पुलिस प्रशासन से आयोजन की पूर्व अनुमति नहीं ली थी। मामले की जांच की जा रही है और हमलावर युवक की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: बैंक से 5.80 लाख लेकर निकला शख्स, घर पहुंचा तो 10,500 रुपए कम निकले, पीड़ित ने थाने में दी शिकायत

Also Read
View All

अगली खबर