
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने शादी तय होने के बाद युवती का भरोसा जीतकर उससे शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन जब विवाह का समय आया तो बीमारी का बहाना बनाकर शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता का दावा है कि इसके पीछे कार की मांग और किसी दूसरी युवती से रिश्ता तय होने की वजह है। मामले में युवती ने युवक समेत उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मामला अजगैन थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी लखनऊ के सरोजनीनगर निवासी युवक से 21 जून को तय हुई थी। गोदभराई की रस्म के दौरान वर पक्ष को करीब दो लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, चैन समेत लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के उपहार दिए गए थे।
पीड़िता का आरोप है कि रस्मों के बाद युवक कई बार उसके घर आया और शादी का भरोसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। इस बीच विवाह की तारीख नजदीक आने पर 19 जून को युवक के परिवार की ओर से फोन कर बताया गया कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे बंगला बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालांकि, जब युवती अपने परिजनों के साथ अस्पताल पहुंची तो युवक अस्पताल के बाहर सामान्य रूप से टहलता हुआ मिला। आरोप है कि परिजनों को देखते ही वह वापस अस्पताल के अंदर जाकर बेड पर लेट गया और बीमारी का नाटक करने लगा।
पीड़िता ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सक पर भी आरोपी पक्ष का सहयोग करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि युवक के परिवार ने किसी अन्य युवती से रिश्ता तय कर लिया है और इसी कारण बीमारी का बहाना बनाकर शादी तोड़ने की साजिश रची गई।
युवती ने आरोपी युवक, उसकी बहन, परिवार के अन्य सदस्यों और कथित रूप से सहयोग करने वाले डॉक्टर के खिलाफ दहेज मांगने, धोखाधड़ी, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और विवाह तोड़ने के आरोप में कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो उसके पास आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।
वहीं, अजगैन थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि युवती की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। दूसरी ओर, युवक की बहन का कहना है कि उसके भाई का हीमोग्लोबिन केवल छह ग्राम है और उसकी हालत गंभीर है। उनका कहना है कि फिलहाल परिवार की प्राथमिकता युवक का इलाज कराना है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।