
Fire in Oil Tanker in Ghazipur: गाजीपुर में मंगलवार की देर रात एक भीषण हादसा होते-होते बच गया। बताया जा रहा है कि तेल से भरे एक इंडियन ऑयल के टैंकर में अचानक तेज आग भड़क उठी। इसके बाद घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई, जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती तब तक आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची ऊंची लपटे उठने लगी। आग लगने के बाद टैंकर के ड्राइवर और खलासी ने कूद कर अपनी जान बचाई और पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक, गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र में टैंकर में आग लगने की जानकारी स्थानीय लोगों और चालक ने पुलिस को दी। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम को भी सूचित किया गया। वहीं, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग केवल केबिन तक ही सीमित रह गई। यदि टैंकर तक आग पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि चंदौली स्थित अलीनगर डिपो से करीब 10 हजार लीटर पेट्रोल लेकर टैंकर आजमगढ़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान खानपुर थाना क्षेत्र में पुनौनी गांव के पास पहुंचते ही टैंकर के केबिन में आग लग गई। जब तक ड्राइवर और खलासी कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। टैंकर के चालक सकलडीहा के रहने वाले अजीत कुमार ने बताया कि वह और उनके खलासी सुनील कुमार ने तत्काल पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग ज्यादा भड़क चुकी थी, इसलिए सारी कोशिश बेकार गई।
सूचना मिलने के बाद खानपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को खाली करवा लिया और सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। वहीं, फायर ब्रिगेड ने पुलिस के साथ मिलकर करीब 1 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि गनीमत रही आग टैंकर तक नहीं पहुंच पाई थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
खानपुर थाना अध्यक्ष रविंद्र सिरोही ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई थी। फायर ब्रिगेड की टीम के साथ पुलिसकर्मियों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया है। वहीं, इंडियन ऑयल के अधिकारियों से संपर्क किया गया है। फिलहाल, टैंकर की जांच की गई और उसमें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं पाई गई, जिसके बाद टैंकर को आजमगढ़ के लिए रवाना कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि टैंकर में तकनीकी खराबी आने की वजह से केबिन में आग लगी थी।