वाराणसी

दिसंबर तक वाराणसी एयरपोर्ट का किया जाए विस्तार, ग्रीन जोन बनाने का काम भी जल्द हो पूरा, उड्डयन मंत्री ने दिए आदेश

Varanasi Airport News: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को दिसंबर तक विस्तारीकरण का काम पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है।
2 min read
Jun 25, 2026
Varanasi airport news
निरीक्षण करते केंद्रीय मंत्री, Pc-Patrika

LBS Airport Varanasi : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को दिसंबर तक विस्तारीकरण का काम पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। वह दो दिवसीय दौरे पर बुधवार की देर शाम वाराणसी के बाबतपुर स्थित हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उन्होंने टर्मिनल बिल्डिंग और मल्टी लेवल कर पार्किंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रीन जोन बनाने को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिया है।

केंद्रीय मंत्री अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे हैं। यहां उन्होंने निर्माणाधीन टर्मिनल भवन में अधिकारियों से भवन की डिजाइन और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली है। इसमें नए एप्रन, रनवे से जुड़ी सुविधाओं, एलिवेटेड रोड और रनवे के नीचे बन रहे विशेष टनल परियोजना के संबंध में अधिकारियों ने विस्तृत प्रस्तुतिकरण प्रेजेंटेशन दिया है।

2024 में योजना को मिली थी मंजूरी

दरअसल, 19 जून 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को विकसित करने की मंजूरी दी गई थी। हवाई अड्डे पर यात्री प्रबंधन क्षमता को मौजूदा 3.9 एमपीपीए से बढ़कर 9.9 मिलियन यात्री प्रतिवर्ष (एमपीपीए) करने को मंजूरी दी गई है। वहीं, इस पर अनुमानित वित्तीय खर्च 2869.65 करोड़ रुपए का होगा। प्रस्ताव में रनवे को 4075 मीटर गुने 45 मीटर तक विस्तारित करना और बीच में विमानों को पार्क करने के लिए नए एप्रन का निर्माण करना शामिल है।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी हाल में दिसंबर तक काम को पूरा कर लिया जाए। एलिवेटेड सड़क के आसपास व पुराने से नई टर्मिनल बिल्डिंग के बीच रास्ते को ग्रीन जोन बनाएं। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया की ओर से शुरू की जा रही है हब एंड स्पोक सुविधा को सबसे पहले वाराणसी एयरपोर्ट से शुरू किया जाना है। वहीं, इस सुविधा का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री गुरुवार को करेंगे।

बढ़ेगी लोकल कनेक्टिविटी

इसमें विदेश यात्रा के दौरान कनेक्टिंग फ्लाइट लेते समय इमीग्रेशन के दौरान होने वाली प्रक्रिया से निजात मिलेगी। वहीं, एयरपोर्ट पर लोकल कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर भी अधिकारियों के बीच बैठकों का दौर चल रहा है। बता दें कि लोकल रेलवे स्टेशन का भी प्रस्ताव है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री अपने अगले पड़ाव के लिए होटल ताज के लिए रवाना हो गए। वहीं गुरुवार की सुबह वह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में होने वाली मंगरा आरती में भी शामिल हुए।

Published on:
25 Jun 2026 09:32 am