
Tourism During Savan in Varanasi: 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन के मद्देनजर वाराणसी के व्यापारियों ने तैयारियां तेज कर दी है। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार सावन के महीने में कारोबार में काफी बढ़ोतरी होगी। वहीं, सावन की शुरुआत होने से पहले ही काशी के वीआईपी और लग्जरी होटल के करीब 70% कमरे बुक हो चुके हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों और गंगा घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन एडवांस बुकिंग करनी शुरू कर दी है।
काशी के होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि सावन की शुरुआत होते ही सारे होटल फुल हो जाएंगे और इस दौरान शहर में ठहरने के लिए जगह मिलना भी मुश्किल हो जाएगा। अक्सर खाली रहने वाले होटल के कमरे भी बड़ी संख्या में ऑनलाइन माध्यम से श्रद्धालुओं ने बुक कराए हैं। टूरिज्म कारोबारी राहुल मेहता ने बताया है कि गोदौलिया, दशाश्वमेध और अस्सी घाट के आसपास स्थित लगभग सभी बड़े होटल व लॉज में एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इसके अलावा कैंट रेलवे स्टेशन के पास और नदेसर के बड़े व लग्जरी होटल में भी 70% से अधिक कमरे बुक हो चुके हैं।
टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता के मुताबिक, सावन से पहले इस तरह की बुकिंग व्यापारियों के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कि बुकिंग अभी भी तेजी से बढ़ रही है। शहर के साथ ही बाहरी क्षेत्रों में भी स्थित होटल में बुकिंग की रफ्तार बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जिस तरह से कस्टमर होटल की बुकिंग कर रहे हैं, उम्मीद है कि सावन आते-आते बुकिंग फुल हो जाएगी और बाद में काशी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
सावन के महीने में काशी में देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। ऐसे में छोटे गेस्ट हाउस और होम स्टे संचालकों ने भी कमरों के किराए में भारी बढ़ोतरी की है। इसका असर शनिवार, रविवार और सोमवार को सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। इस दौरान बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए और घाटों पर काफी ज्यादा भीड़ उमड़ती है। तीन दिनों के लिए होटल ने विशेष रूप से वीकेंड रेट लागू किया है। आम दिनों में जो कमरे 600 रुपए में मिल जाते थे, अब उनका किराया बढ़कर 1400 से 1600 रुपए तक पहुंच गया है। सबसे ज्यादा परेशानी काशी विश्वनाथ मंदिर और घाटों के आसपास पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को हो रही है। यहां होटल में ठहरने के लिए श्रद्धालुओं को सबसे अधिक पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।
वाराणसी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल शर्मा ने बताया कि काशी में अब सावन ही नहीं बल्कि हर मौसम में भारी संख्या में देश और विदेश से पर्यटक पहुंच रहे हैं। सावन, महाशिवरात्रि, देव दीपावली, दशहरा और अन्य प्रमुख पर्व पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में काफी ज्यादा बढ़ोतरी होती है। इस दौरान होटल, रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड, गारमेंट्स समेत विभिन्न कारोबार में वृद्धि भी होती है। उन्होंने बताया कि इस समय ऑनलाइन के साथ ही ऑफलाइन भी कमरों की बुकिंग तेजी से हो रही है।