
Air Show In Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इस महीने एयर शो प्रस्तावित है। नमो घाट पर होने वाले इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और एयरफोर्स का केंद्रीय कमान तैयारी में जुटा हुआ है। 22, 23 व 25 अक्टूबर को इसका आयोजन होना है और इस आयोजन में शामिल होने के लिए पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत सेना के कई अफसर और केंद्रीय मंत्री शामिल हो सकते हैं। आयोजन से पूर्व एयरफोर्स गुरुवार से नमो घाट को अपने कब्जे में ले सकता है, ताकि घाट की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जा सके।
बुधवार को वायुसेना के अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से नमो घाट और उसके आसपास के क्षेत्र में हवाई सर्वे किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सूत्रों के मुताबिक, वायु सेना अपनी जरूरत के लिहाज से नमो घाट के एक बड़े हिस्से को अपने कब्जे में गुरुवार से ले सकता है। यदि जरूरत पड़ी तो पूरे नमो घाट को ही अधिग्रहित किया जाएगा और एयर शो के समाप्ति तक आम लोगों के लिए इसे बंद कर दिया जाएगा। नमो घाट के साथ ही गंगा नदी के उस पार रेति पर भी सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। पूरे दिन वायु सेवा का हेलीकॉप्टर इस इलाके में उड़ान भरता रहा।
वायु सेना के इस एयर शो के लिए अब केवल 21 दिन शेष बचे हैं। इस बड़े आयोजन को सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए घाट पर एक विशेष एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) टावर तैयार किया जाएगा। वायुसेना के अधिकारी खुद एटीसी के जरिए इन उड़ानों की निगरानी करेंगे। इस दौरान एयरपोर्ट के नियमित एटीसी का प्रयोग नहीं हो सकेगा। एयर शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 4000 से अधिक वीआईपी शामिल होंगे और यह सभी नमो घाट पर ही बैठकर आयोजन को देखेंगे।
भारतीय वायु सेवा की ओर से किए जाने वाले एयर शो की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिला प्रशासन की माने तो वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, चंदौली समेत आसपास के कई जिलों से लोग इस एयर शो को देखने के लिए पहुंच सकते हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक, एयर शो के दौरान नमो घाट से अस्सी घाट के बीच और गंगा पार रेती तक देव दीपावली जैसा नजारा देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन अस्सी घाट पर 30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था कर रहा है। इसके साथ ही प्रत्येक घाट पर 10 से 20 हजार लोगों के जुटने की संभावना जिला प्रशासन ने जताई है। यही नहीं गंगा के पार डोमरी के आसपास भी लोगों को बैठए जाने की व्यवस्था की जा रही है।