वाराणसी

20 महीने में पैसा डबल! एक करोड़ के गबन का दावा, वाराणसी में दिल्ली-हरियाणा के निवेशकों के हंगामे के बाद पहुंची पुलिस

Money double in Varanasi : Scam in network marketing : Varanasi crime news: वाराणसी में निवेश के नाम पर एक करोड़ रुपए के गबन का मामला सामने आया है।
3 min read
Jul 05, 2026
Network marketing scam
हंगामा करते लोग, Pc-Patrika

Investment Scam in Varanasi : वाराणसी में निवेश के नाम पर एक करोड़ रुपए के गबन का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली और हरियाणा से निवेशक वाराणसी के चेतगंज इलाके मे नागर नाटक मंडली में पहुंचे और कंपनी के आयोजित कार्यक्रम में हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए लोग कंपनी के संचालक हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, नागर नाटक मंडली में एक निजी कंपनी के स्थापना दिवस समारोह के दौरान रविवार को बड़ी संख्या में खुद को पीड़ित बताने वाले लोग पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया। लोगों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि कंपनी ने निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी की है। वहीं, हालत को बिगड़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

थाईलैंड ट्रिप का दिया गया ऑफर

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया है कि 2020 में उन्होंने Medallion Jewellers Pvt. Ltd. के नाम से रजिस्टर्ड एक कंपनी में नेटवर्क मार्केटिंग के माध्यम से लोगों द्वारा निवेश कराया गया। आरोप है कि कंपनी ने 10 से 20 महीने के भीतर निवेश की गई राशि को दुगना करने की बात कही। इसके साथ ही सोना देने और विदेश यात्रा जैसे आकर्षक ऑफर देकर कंपनी के खाते में पैसा जमा कराए। निवेशकों ने आरोप लगाया है कि शुरुआत में सब कुछ ठीक था और समय पर भुगतान किया जा रहा था, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। आरोप है कि कंपनी अब निवेशकों का पैसा वापस नहीं दे रही है और ना ही सोना और अन्य लाभ दिए जा रहे हैं। निवेशकों ने दावा किया है कि कंपनी लगातार अपनी योजनाओं और वेबसाइट में बदलाव करके नए लोगों को जोड़ती रही। वहीं, आरोप है कि यह पूरा नेटवर्क एक चेन सिस्टम के जरिए संचालित किया गया, जिसमें पुराने निवेशकों के जरिए नए निवेशकों को जोड़ा जाता था। आरोप है कि देशभर में हजारों लोग अपनी मेहनत की कमाई कंपनी की योजना में लगा चुके हैं।

निवेशक सत्य कुमार ने बताया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से वाराणसी में कंपनी के कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस से इसकी शिकायत की गई। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके 11 लाख रुपए कंपनी में फंसा हुआ है, जबकि उनकी टीम के मेंबर्स के 90 लाख रुपए निवेश के नाम पर लिए गए, जो अभी तक वापस नहीं किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि पैसे मांगने पर धमकियां भी दी गई। सत्य कुमार का आरोप है कि कंपनी के संचालक के रूप में सत्यजीत नामक व्यक्ति की भूमिका सबसे संदिग्ध रही है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद उम्मीद थी कि सभी लोग यहां मौजूद रहेंगे, लेकिन विरोध की आशंका के चलते मुख्य आरोपी कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे। उन्होंने दावा किया है कि निवेश के नाम पर पैसे दुगना करने और थाईलैंड यात्रा जैसे आकर्षक ऑफर भी कंपनी की तरफ से दिए जाते थे।

क्या बोली पुलिस

वहीं घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आयोजकों को हिरासत में लिया है। एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना ने बताया कि कुछ दिनों से कंपनी के खिलाफ लगातार शिकायत मिल रही थी। कार्यक्रम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, पुलिस के पास लिखित रूप से कई लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। एसीपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और मौके से कुछ दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए हैं। जांच में जो भी तथ्य निकाल कर सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
05 Jul 2026 02:49 pm
Published on:
05 Jul 2026 02:48 pm