विदिशा

बेटे के फिर जिंदा होने की आस में 6 दिन तक शव के पास बैठी रही मां, करती रहीं प्रार्थना

Vidisha - विदिशा में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला केस, दुर्गंध आने पर सामने आया मामला ​, पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी

2 min read
May 26, 2026
Mariam Varghese stayed with the body of her son Sheenu Varghese in Vidisha

Vidisha- एमपी के विदिशा में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक वृद्ध मां अपने 45 वर्षीय बेटे के शव को करीब 6 दिन तक घर में रखे रही। उसे उम्मीद थी कि बेटा फिर जीवित हो उठेगा, उसकी सांसे लौट आएंगी। इस दौरान वे बाइबिल पढ़ती रहीं और बेटे की जिंदगी के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती रहीं। मामला तब उजागर हुआ, जब घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

विदिशा में मां की ममता का यह अनोखा उदाहरण शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। यहां स्थित क्रांति चौक के सामने मरियम वर्गिस अपने बेटे शीनू वर्गिस के साथ रहती हैं। वे एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थीं। बेटा शीनू मुंबई में फैशन डिजाइनिंग करता था पर करीब एक साल से विदिशा में ही रह रहा था। पिता की मौत के बाद से वह मां की देखरेख में लगा था।

ये भी पढ़ें

ट्विशा शर्मा केस: मां पलंग पर चढ़ीं, मैंने ट्विशा को ऊपर उठाया… पुलिस पूछताछ में बोला पति समर्थ सिंह

बताया जा रहा है कि शीनू की घर में अचानक मौत हो गई। हालांकि मां मरियम के दिल ने इसे स्वीकार नहीं किया। वे उसके शव के पास बैठकर बाइबिल पढ़कर बेटे के दोबारा जिंदा हो जाने की उम्मीद लगाती रहीं।

सोमवार सुबह दूध देने पहुंचे सचिन लोधी ने घर के दरवाजे पर खून देखा तो उन्हें कुछ शक हुआ। उन्होंने मरियम वर्गिस से पूछताछ की लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसपर दूध वाले सचिन लोधी ने पड़ोसियों को यह बात बताई। तेज बदबू और घर से बाहर बहता खून देखकर पड़ोसियों को भी कुछ अनहोनी की आशंका हुई और इस बात की तुरंत पुलिस को सूचना दी।

दुर्गंध आने पर सामने आया मामला

पुलिस जब घर के भीतर पहुंची तो रिटायर्ड शिक्षिका मरियम वर्गिस अपने बेटे शीनू वर्गिस के शव के पास मौजूद थीं। शव को पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पड़ोसियों के अनुसार कई दिनों से दुर्गंध आ रही थी, लेकिन उन्हें लगा कि घर में पाले गए कुत्तों में से किसी की मौत हुई होगी।

घर में गिरने से मौत!

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि शीनू की मौत घर में गिरने से हुई। टीआइ राजपाल सिंह जादौन ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

पड़ोसियों ने बताया कि मोहल्ले वालों का वर्गिस परिवार से अधिक मेलजोल नहीं था, इसलिए किसी ने सीधे बात नहीं की। जानकारी के अनुसार, शीनू कहीं नौकरी करते थे, लेकिन मां की बीमारी के कारण वापस आकर उनके साथ रहने लगे थे। सूचना पर थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेटे की मौत घर के भीतर गिरने से हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

अंदर का दृश्य रोंगटे खड़ा कर देने वाला

महिला को अपने बेटे के जीवित होने की आस थी, जिसके चलते उन्होंने शव को उसी हालत में घर में रखा और अपने सामान्य कार्य करती रहीं। अंदर का दृश्य रोंगटे खड़ा कर देने वाला था।

मामला जांच में

सिविल लाइन थाने के टीआइ राजपाल सिंह जादौन ने कहा, एक अलग तरह का मामला सामने आया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत की सही वजह और समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें

ट्विशा शर्मा केस: किस बात पर हुआ झगड़ा, आरोपी पति समर्थ सिंह से पुलिस की पूछताछ में बड़ा खुलासा
Updated on:
26 May 2026 10:12 am
Published on:
26 May 2026 09:41 am
Also Read
View All