
asp prashant chaubey viral video anti drug campaign, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे (Source-patrika)
Vidisha ASP Prashant Chaubey Viral Video: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के ASP डॉ. प्रशांत चौबे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में एएसपी एक नशेड़ी का किरदार निभाते दिख रहे हैं और वो हाथ में नशे की पुड़िया लिए नजर आ रहे हैं। डॉ. प्रशांत चौबे ने 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत एक अनोखे अंदाज में लोगों तक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से ये वीडियो बनाया है और इस वीडियो के जरिए नशे की भयावह सच्चाई को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
देखें वीडियो-
वायरल वीडियो में विदिशा एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे बिलकुल एक नशेड़ी की तरह लग रहे हैं, वो हाथ में नशे की पुड़िया को लेकर एक्टिंग कर रहे हैं। एक्टिंग करते हुए उन्होंने बताया है कि नशे की पुड़िया कैसे जीवन बर्बाद कर देती है। वो वीडियो में कह रहे हैं कि नशे की ये पुड़िया मेरी जिंदगी बन गई है, मेरे माता-पिता, पत्नी-बच्चे, नौकरी धंधा सबकुछ नशे की पुड़िया ने छीन लिया है और अब मेरे साथ बची है तो सिर्फ नशे की 700 रुपये की पुड़िया।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' के तहत लोगों तक अलग तरीके से नशे की बुराई को पहुंचाने की एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे की अनोखी पहल लोगों को काफी पसंद आ रही है। लोग वीडियो को काफी पसंद कर रहे हैं और शेयर भी कर रहे हैं जिससे कि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक वीडियो पहुंच सके। विभागीय अधिकारियों ने भी एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे के इस अलग प्रयास की सराहना की है।
नशे के खिलाफ यह पहल बताती है कि बदलते दौर में पुलिस सिर्फ कानून लागू करने वाली एजेंसी नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने वाली संस्था की भूमिका भी निभा रही है। “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान इसी संदेश को मजबूत करने की कोशिश है कि नशे के खिलाफ सबसे बड़ी लड़ाई जागरूकता और जनभागीदारी से ही जीती जा सकती है। बता दें कि इन दिनों मध्यप्रदेश में पुलिस नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' इस अभियान को नाम दिया गया है और प्रदेश के हर जिले में पुलिस अधिकारी नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का काम कर रहे हैं।
Updated on:
18 Jul 2026 05:15 pm
Published on:
18 Jul 2026 05:15 pm
