विदेश

लॉरेंस बिश्नोई गैंग को कनाडा ने आतंकवादी संगठन किया घोषित

कनाडा सरकार ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को भय और धमकी का माहौल पैदा करने के लिए आतंकवादी संगठन घोषित किया है। बताया कि यह गैंग उन इलाकों में सक्रिय हैं जहां प्रवासी समुदाय बड़ी संख्या में हैं।
2 min read
Sep 29, 2025
Feature image
बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित (Photo-IANS)

Lawrence Bishnoi Gang: कनाडा सरकार ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लॉरेंस बिश्नोई गैंग को भय और धमकी का माहौल पैदा करने के लिए आतंकवादी संगठन घोषित किया है। साथ ही देश में गैंग की मौजूदगी का भी जिक्र किया। कनाडा सरकार ने कहा यह गैंग उन इलाकों में सक्रिय हैं जहां प्रवासी समुदाय बड़ी संख्या में हैं। 

गैंग ने विशिष्ट समुदाय को बनाया निशाना

कनाडा के मंत्री गैरी आनंदसांगरी ने कहा- कनाडा में प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर और समुदाय में सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है और सरकार के रूप में उनकी सुरक्षा करना हमारी मूलभूत ज़िम्मेदारी है। बिश्नोई गिरोह द्वारा विशिष्ट समुदायों को आतंक, हिंसा और धमकी का निशाना बनाया गया है। 

आतंकवादी संगठन किया घोषित

उन्होंने आगे कहा- हिंसा और आतंकी कृत्यों के लिए कनाडा में कोई जगह नहीं है, विशेष रूप से उन कृत्यों के लिए जो भय और धमकी का माहौल बनाने के लिए विशिष्ट समुदायों को निशाना बनाते हैं। यही कारण है कि कनाडा सरकार ने बिश्नोई गिरोह को आपराधिक संहिता के तहत एक आतंकवादी संगठन घोषित किया है। 

‘भय का माहौल पैदा करते है’

दरअसल, कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह हत्या, गोलीबारी और आगजनी में लिप्त है। इसके अलावा जबरन वसूली और धमकी के ज़रिए भी आतंक फैलाता है। वे प्रवासी समुदायों, व्यवसायों और हस्तियों को निशाना बनाकर उनमें डर का माहौल पैदा करते हैं। 

‘कई गोलीबारी की घटनाओं की ली जिम्मेदारी’

लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर आरोप है कि उसने कई गोलीबारी की घटनाओं की जिम्मेदारी ली है, जिसमें ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुए दो हमले भी शामिल हैं।

सरकार को मिल जाएगी ये अनुमति

बता दें कि कनाडा में आतंकवादी घोषित करने से संघीय सरकार को संपत्ति, वाहन और धन को फ्रीज या जब्त करने की अनुमति मिल जाती है। इसके साथ ही कानून प्रवर्तन को आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त लोगों पर मुकदमा चलाने के लिए और अधिक अधिकार मिल जाएंगे।

Updated on:
30 Sept 2025 09:20 am
Published on:
29 Sept 2025 07:58 pm