विदेश

अमेरिका का बड़ा दावा: ईरान के साथ होगा ‘बेहतरीन समझौता’, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी चर्चा

US-Iran War: अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही ईरान के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता कर सकते हैं। वहीं, फ्रांस में होने वाली ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी चर्चा होने की संभावना है।

2 min read
Jun 14, 2026
Donald Trump Iran Deal
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। (फोटो : ANI)

Iran US Agreement: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते पर कब होगी डील इसको लेकर जानकारी दी है। ट्रंप ने कहा कि 14 जून को अमेरिका और ईरान के बाच समझौता होने वाला है। इससे पहले अमेरिकी अधिकारियों ने होर्मुज और समझौते को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ एक मजबूत और बेहतरीन समझौते पर पहुंचने वाले हैं।

अधिकारियों ने कहा कि इस समझौते के तहत ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बिना किसी टोल शुल्क के खोलना होगा। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि ईरान द्वारा होर्मुज खोलने के साथ ही अमेरिका अपनी नाकेबंदी हटाएगा। इसके बाद अगले चरण में होर्मुज में बिछाई गई बारूदी सुरंगों (माइंस) को हटाने का काम शुरू किया जाएगा। 

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी होगी चर्चा

इस दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने डोनाल्ड ट्रंप और नरेंद्र मोदी होने वाली बातचीत को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि G7 सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी चर्चा होगी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समझौता G7 बैठक के दौरान अंतिम रूप नहीं लेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत की वैश्विक भूमिका और भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर काफी महत्वाकांक्षी हैं। अमेरिका ऊर्जा, औद्योगिक उत्पादों और कुछ कृषि उत्पादों के क्षेत्र में भारत के साथ व्यापार बढ़ाने की संभावनाएं देख रहा है। 

भारत का दौरा करेगा अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच बातचीत अभी जारी है और आने वाले हफ्तों में समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में प्रगति हो सकती है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जल्द ही एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत का दौरा करेगा ताकि व्यापार समझौते पर आगे की बातचीत को गति दी जा सके। 

उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच अब तक कोई औपचारिक व्यापार समझौता नहीं हुआ है, लेकिन दोनों देश स्वाभाविक आर्थिक साझेदार हैं और एक-दूसरे की आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

फ्रांस दौरे पर कई अहम बैठकों में शामिल होंगे ट्रंप

अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप सोमवार को फ्रांस के एवियां पहुंचेंगे, जहां वे G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे आर्थिक विकास, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती, अवैध प्रवासन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

फ्रांस पहुंचने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप सबसे पहले फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलावा वे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की, कतर के अमीर, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से भी मुलाकात करेंगे।

Published on:
14 Jun 2026 06:52 am