
US-Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच होर्मुज और युद्धविराम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच अगले सप्ताह एक महत्वपूर्ण समझौता हो सकता है। इसके बाद दोनों देशों के बीच लागू सीजफायर को आगे बढ़ाया जा सकता है और इसके बाद होर्मुज खुल जाएगा। फिर से जहाजों की आवाजाही भी चालू हो जाएगी।
डोनाल्ड ट्रंप ने ABC News को दिए इंटरव्यू में कहा कि होर्मुज को फिर से खोलने के लिए प्रस्तावित समझौता ज्ञापन पर उन्होंने अभी मंजूरी नहीं दी है, क्योंकि कुछ बिंदुओं पर अभी सहमति बनना बाकी है।
हालांकि इससे कुछ घंटे पहले ही अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर ईरान के साथ बातचीत को लेकर उन्होंने पोस्ट भी किया था। ट्रंप ने लिखा कि ईरान के साथ बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब लागू सीजफायर पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। सोमवार को अमेरिका और ईरानी सेना के बीच सैन्य कार्रवाई हुई, जिसके बाद एक बार फिर से संघर्ष बढ़ने की अटकलें लगाई जाने लगीं।
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान में बढ़ते तनाव को लेकर इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने तनाव को कम करने की कोशिश की। ट्रंप ने कहा कि नेतन्याहू के साथ मेरी बेहद सकारात्मक बातचीत हुई। बेरूत में कोई अतिरिक्त सेना नहीं भेजी जाएगी और जो सैनिक वहां जा रहे थे, उन्हें वापस बुला लिया गया है।
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि हिज्बुल्लाह और इजरायल दोनों ने एक-दूसरे पर हमले रोकने पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने गोलीबारी बंद करने का फैसला किया है। न इजरायल हमला करेगा और न ही हिज्बुल्लाह।
वहीं इस बीच ऐसी खबरें भी सामने आईं कि ईरान अमेरिका के साथ चल रही बातचीत से पीछे हट सकता है। ट्रंप ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वॉशिंगटन को ऐसी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। NBC News से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अगर वे बातचीत बंद भी कर दें तो मुझे लगता है कि यह ठीक है, लेकिन उन्होंने हमें इसकी कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी है।