
Iran-US Tensions: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि यदि ईरान के पास परमाणु हथियार आ गया तो इससे न केवल इजरायल का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा, बल्कि पूरे मध्य पूर्व की स्थिरता भी प्रभावित होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होता, तो इजरायल नहीं बचता और पूरा मध्य पूर्व संकट में आ जाता। वे हमारे खिलाफ भी कार्रवाई करते। हमने उन्हें कल कड़ा जवाब दिया था और जरूरत पड़ी तो फिर देंगे।
इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के साथ समझौते को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच समझौते की संभावना काफी करीब थी, लेकिन ईरान लगातार बातचीत को टाल रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान अमेरिकी नेतृत्व को कमजोर समझने की गलती कर रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने बातचीत के दौरान यह भी संकेत दिए कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई जारी रख सकता है। उन्होंने कहा कि हम उन पर हमला करेंगे और बहुत सख्ती से करेंगे।
ट्रंप ने अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिरने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह अमेरिका को जवाबी कार्रवाई का अधिकार देता है।
ट्रंप के अनुसार, अमेरिका ने हाल ही में ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं और आगे की कार्रवाई स्थिति के अनुसार तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने कल उन्हें कड़ा संदेश दिया था और आज भी देंगे। अब देखना है कि बातचीत और समझौते का क्या परिणाम निकलता है।
बता दें कि हालिया तनाव उस समय और बढ़ गया जब अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास स्थित ईरानी सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए। अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को निशाना बनाए जाने के जवाब में की गई।
वहीं, ईरान ने दावा किया कि उसने जवाबी कार्रवाई करते हुए जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे और खाड़ी क्षेत्र के अन्य ठिकानों को निशाना बनाया।