विदेश

दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में जोरदार धमाके, 20 मिनट में हुए 7 ब्लास्ट

Dubai Explosions: दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में 20 मिनट के अंदर 7 बड़े धमाके हुए है। यमन के हाउती विद्रोहियों पर मिसाइल दागने का शक। पूरे इलाके में आग लग गई हैं।
2 min read
Aug 05, 2026
emen houthi attack dubai, strait of hormuz agreement
जेबेल अली पोर्ट के पास लगी आग, हुए कई ब्लास्ट| फोटो सोर्स-X(@RyanRozbiani)

Dubai Blast: दुबई के जेबेल अली इलाके में एक के बाद एक हुए 7 धमाकों से सनसनी फैल गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यमन के हाउती विद्रोहियों द्वारा इस इलाके को निशाना बनाकर मिसाइलें दागे जाने की आशंका जताई जा रही है। हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके में भयंकर आग लग गई और आसमान में धुंआ ही धुंआ छा गया। स्थानीय प्रशासन ने सिर्फ 20 मिनट के अंदर कम से कम सात धमाकों की पुष्टि की है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

20 मिनट में 7 धमाके, 2 लोग गिरफ्तार

मिडिया के अनुसार, अमीराती अधिकारियों ने सिर्फ 20 मिनट के अंदर कम से कम 7 धमाकों की पुष्टि की है। हालांकि, प्रशासन की ओर से धमाकों की आधिकारिक वजह को लेकर फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में औद्योगिक क्षेत्र से ऊंची-ऊंची आग की लपटें उठती दिख रही है। घटनास्थल का वीडियो बनाने और रिकॉर्डिंग करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

तेल गोदाम में लगी भीषण आग

NASA की सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि आग जेबेल अली पोर्ट के पास स्थित एक ऐसे गोदाम में लगी है, जिसका इस्तेमाल फ्यूल स्टोरेज और ट्रांसफर के लिए किया जाता है। अभी तक इस घटना में किसी के मारे जाने या घायल होने की कोई खबर नहीं है, और नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।

यमन की राजधानी सना में भी गूंजे धमाके

दुबई में हुए इन धमाकों के साथ ही यमन की राजधानी सना से भी धमाकों की खबरें आई हैं। कुछ रिपोर्ट्स में इन्हें हवाई हमले बताया जा रहा है, तो कुछ का कहना है कि ये यमन से दागी गई मिसाइलों की आवाजें थी। वहीं दूसरी तरफ इस पूरे क्षेत्रीय तनाव के बीच राहत की खबर यह है कि ओमान, अमेरिका और ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने का ऐलान कर सकते हैं। 8 अगस्त को इसको लेकर बड़ी आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है।

क्यों खास है जेबेल अली इलाका?

दुबई के दक्षिण-पश्चिम में स्थित जेबेल अली पूरे मिडिल ईस्ट का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक्स और ट्रेड हब माना जाता है। 1985 में स्थापित 'जेबेल अली फ्री जोन' में आज दुनिया के 150 से अधिक देशों की करीब 11,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय कंपनियां काम कर रही हैं। इसके अलावा, यह इलाका जेबेल अली पोर्ट, प्रमुख नेशनल हाईवे और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे जुड़ा हुआ है, जिस वजह से यह पूरी दुनिया के व्यापार के लिए बेहद जरूरी जगह है।

Updated on:
05 Aug 2026 11:59 am
Published on:
05 Aug 2026 11:59 am