
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो पत्रिका नेटवर्क
कोलकाता। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को प्रेमजाल में फंसाकर लाखों रुपए ऐंठने वाले 'हनी ट्रैप' गैंग का खड़गपुर टाउन थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने झोली इलाके में कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के लोग सबसे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और गुप्त डेटिंग ऐप पर फर्जी पहचान बनाकर युवकों से दोस्ती करते थे। कुछ दिनों तक प्रेम-प्रसंग का नाटक रचने के बाद उन्हें मिलने के बहाने एक सुनसान मकान में बुलाया जाता था और उसके निजी पलों का वीडियो बना लिया जाता। इसके कुछ ही देर बाद गिरोह के अन्य सदस्य खुद को युवती के परिजन या रिश्तेदार बताकर मौके पर पहुंचते और युवक को घेर लेते। इसके बाद अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम ऐंठते थे। मानसिक दबाव और सामाजिक बदनामी के डर से कई लोग इस गिरोह की ब्लैकमेलिंग का शिकार बनते रहे।
पुलिस के अनुसार कई पीड़ितों से जबरन स्टांप पेपर पर माफीनामा भी लिखवाया जाता था, ताकि भविष्य में वे पुलिस के पास जाने की हिम्मत न कर सकें। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई युवकों को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जांच कर रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या डेटिंग ऐप पर किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। यदि कोई ब्लैकमेल करने की कोशिश करे, तो बिना डरे तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
Updated on:
05 Aug 2026 10:29 am
Published on:
05 Aug 2026 10:29 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
