
ईरान (Iran) में एक भीषण बम धमाके से हाहाकार मच गया। देश की आधिकारिक समाचार एजेंसी के अनुसार यह बम धमाका शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी प्रांत ज़ंजन (Zanjan) में ज़ंजन शहर के पास एक गोला-बारूद वाली जगह पर उस समय हुआ जब आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) सफाई अभियान चला रहा था।
ज़ंजन में बम धमाके में आईआरजीसी के 14 सैनिक मारे गए, जिसकी जानकारी ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी ने की। आईआरजीसी ने भी आधिकारिक बयान जारी करते हुए इसकी पुष्टि की।
इस बम धमाके में आईआरजीसी के 2 सैनिक घायल भी हो गए। घायल सैनिकों को नज़दीकी सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
ज़ंजन स्थित आईआरजीसी की अंसार अल-महदी यूनिट की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि बम धमाका अज्ञात गोला-बारूद के कारण हुआ, जो युद्ध की वजह से फैल गया। बयान में यह भी बताया गया है कि मारे गए 14 सैनिक यूनिट के सबसे अनुभवी और विशेषज्ञ कर्मियों में से थे। माना जा रहा है कि इलाके में मिला गोला-बारूद युद्ध के दौरान इस्तेमाल किए गए क्लस्टर बम और फाइटर जेट्स से गिराई गई बारूदी माइन्स की वजह से वहाँ मौजूद था। इस गोला-बारूद की पहचान करने और उसे निष्क्रिय करने के लिए ही आईआरजीसी के सैनिक मौके पर पहुंचे थे और उस दौरान की बम धमाका हो गया।