
इजराइल पर अटैक होने की संभावना तेज है। उत्तरी इजराइल में अचानक तनाव बढ़ गया है। इसको लेकर इजराइल सेना अलर्ट हो गई है। उत्तरी इजराइल में सायरन भी बजने शुरू हो गए हैं।
सेना ने बताया कि दुश्मन विमान की घुसपैठ की आशंका में सायरन बजाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जारित गांव के ऊपर दुश्मनों का विमान घुसपैठ करने की कोशिश कर सकता है, जिसके बाद वह सतर्क हो गए हैं। इजराइली सेना ने बताया कि इस वक्त पूरे इलाके में जांच चल रही है और सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
जारित गांव और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग अचानक सायरन की तेज आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए। कई लोग बंकरों की तरफ भागे। इजराइली सेना की ओर से जारी बयान में साफ कहा गया कि दुश्मन विमान के संदेह में यह अलर्ट जारी किया गया।
अभी तक यह नहीं पता चल सका है कि विमान कहां से आया या किसका था, लेकिन सेना ने इसे गंभीरता से लिया है। उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से सीमा पर तनाव बना हुआ है। ऐसे में यह घटना और भी चिंताजनक हो गई है।
इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने आसमान में निगरानी बढ़ा दी है और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सैनिक तैनात कर दिए गए हैं।
सेना का कहना है कि पूरी घटना की गहन जांच की जा रही है। अगर कोई खतरा साबित होता है तो उचित जवाबी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इजराइल पहले से ही कई मोर्चों पर सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। उत्तर की तरफ लेबनान सीमा पर हिज्बुल्लाह के साथ तनाव लगातार बना हुआ है। कई बार रॉकेट हमले और ड्रोन घुसपैठ की खबरें आ चुकी हैं।
जारित और आसपास के गांवों में स्कूलों और सार्वजनिक जगहों पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई है। लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दिए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां लोगों से अपील कर रही हैं कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचनाओं का इंतजार करें।