इंडोनेशिया में बाढ़ और लैंडस्लाइड्स की वजह से तबाही मच गई है। इस वजह से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है।
मौसम की मार झेल रहे इंडोनेशिया (Indonesia) में हाहाकार मचा हुआ है जिससे लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है। इंडोनेशिया के नॉर्थ सुमात्रा (North Sumatra) प्रांत समेत अन्य प्रांतों में मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ (Flash Floods) और लैंडस्लाइड्स (Landslides) से तबाही मच गई है। इस वजह से जान-माल का काफी नुकसान हो चुका है और यह बढ़ता ही जा रहा है।
इंडोनेशिया में बाढ़ और लैंडस्लाइड्स से अब तक 442 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बारे में प्रांतीय आपदा प्रबंधन एवं न्यूनीकरण एजेंसी ने जानकारी दी। नॉर्थ सुमात्रा में इस वजह से 217 लोगों की मौत हो गई है। आचेह (Aceh) प्रांत में इस वजह से 96 लोगों की मौत हो चुकी है। वेस्ट सुमात्रा (West Sumatra) में इस वजह से 129 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। एजेंसी की तरफ से पहले ही इस बात की आशंका जताई गई थी कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है और ऐसा ही देखने को मिल रहा है। अभी यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
बाढ़ और लैंडस्लाइड्स के बाद अभी भी इंडोनेशिया में 402 लोग लापता हैं। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी की तरफ से इस बारे में जानकारी दी गई। नॉर्थ सुमात्रा में 209 लोग, आचेह में 75 लोग और वेस्ट सुमात्रा में 118 लोग अभी भी लापता हैं। लापता लोगों की तलाश की जा रही है लेकिन खराब मौसम की वजह से सर्च ऑपरेशन में परेशानी हो रही है।
प्रांतीय आपदा प्रबंधन एवं न्यूनीकरण एजेंसी के अनुसार अचानक आई बाढ़ और लैंडस्लाइड्स की वजह से इंडोनेशिया में सैकड़ों लोग घायल हो चुके हैं। इनमें से कई घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।