27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बलूच लड़ाकों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर किया हमला, हाईवे जाम कर 200 से ज्यादा गाड़ियां फूंकीं, कई सैनिकों की मौत

Pakistan News: बलूचिस्तान में बलूच लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना पर बड़ा हमला किया है। हाईवे जाम कर 200 से ज्यादा गाड़ियां फूंक दी गई और कई सैनिकों के मारे जाने की खबर है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Pratiksha Gupta

Jul 27, 2026

N-40 Highway Blockade, Chaghi District, Nushki Attack

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर हमलों का दावा, कई वाहन फूंके | फोटो सोर्स- IANS

Baloch Liberation Army:पाकिस्तान का बलूचिस्तान इस वक्त भीषण हिंसा की आग में झुलस रहा है। यहां के अलग-अलग जिलों में हथियारों से लैस बलूच लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना और सरकारी दफ्तरों पर एक के बाद एक कई बड़े हमले किए हैं। इन हमलों में पाकिस्तानी सेना के कई जवानों के मारे जाने की खबर है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पूरे इलाके की 'आर्थिक नाकेबंदी' (रास्ते बंद करने) का ऐलान किया है। इसके बाद लड़ाकों ने बलूचिस्तान के बड़े हाईवे पर कब्जा कर लिया और अब तक 200 से ज्यादा गाड़ियों को आग के हवाले कर चुके हैं।

खनिज ले जा रहे गाड़ियों को फूंका, सेना के काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग

लड़ाकों ने चागई जिले के नोकचाह इलाके में खनिज (मिनरल्स) ले जा रहे वाहनों के एक बड़े काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग की। इसके बाद लड़ाकों ने कई वाहनों को अपने कब्जे में लेकर उन्हें आग लगा दी। इसके अलावा, नोश्की जा रहे पाकिस्तानी सेना के एक बड़े काफिले पर एन-40 राजमार्ग पर हमला किया गया। इस काफिले में बुलेटप्रूफ गाड़ियां और भारी पुलिस बल मौजूद था। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को भारी नुकसान हुआ है और कई जवान मारे गए हैं। हमले की चपेट में डिप्टी कमिश्नर की सुरक्षा में लगी एक पुलिस गाड़ी भी आई, हालांकि अधिकारी सुरक्षित बचने में कामयाब रहे।

पुलिस स्टेशन और मोबाइल टावर को बम से उड़ाया

बलूचिस्तान के हर्नाई जिले में भी हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। जिंदा पीर इलाके में सशस्त्र लड़ाकों ने हाईवे जाम कर कई घंटों तक वाहनों की तलाशी ली। इसके बाद उन्होंने विस्फोटकों का इस्तेमाल कर एक पुलिस स्टेशन (लेवीज स्टेशन) और एक मोबाइल टावर को पूरी तरह उड़ा दिया। वहीं कोहलू जिले के हसरी इलाके में आतंकवाद निरोधक बल (ATF) के जवानों पर भी हमला किया गया है, जिसमें सेना को भारी नुकसान हुआ है।

मोर्टार दागे, पीछे हटने को मजबूर हुए पाकिस्तानी सैनिक

खारान जिले के ताजीना इलाके में जब पाकिस्तानी सुरक्षा बल एक ऑपरेशन चला रहे थे, तभी बलूच लड़ाकों ने उन पर मोर्टार से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा और और सैनिकों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। हालांकि, इन हालिया हमलों की आधिकारिक जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है।

पहले भी हमले में मारे गए थे 45 सैनिक

इससे पहले इसी हफ्ते मस्तुंग जिले के खड़कूचा इलाके में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर एक बड़ा हमला हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली थी। BLA के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने दावा किया था कि उनके लड़ाकों ने एक साथ मिलकर पाकिस्तानी सेना की बसों को निशाना बनाया था, जिसमें 45 से ज्यादा सैनिक मारे गए थे। फिलहाल, पूरे बलूचिस्तान में तनाव का माहौल है और सुरक्षा बल स्थिति पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।