विदेश

डोनाल्ड ट्रंप के अल्टीमेटम पर ईरान का पलटवार, कर दिया बड़ा ऐलान

US Iran Conflict News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को मंगलवार रात 8 बजे तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने का अल्टीमेटम दिया है। 
2 min read
Apr 07, 2026
Donald Trump, Central Intelligence Agency, Mojtaba Khamenei, Iran US Israel conflict,
डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद ईरान ने किया पलटवार (Photo-ANI)

Iran US Tensions 2026: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तय की गई मंगलवार की डेडलाइन नजदीक आते ही ईरान ने पलटवार किया है। ईरान ने युवाओं से देशभर के अहम बिजली संयंत्रों के पास इकट्ठा होने की अपील की है। इसे सरकार ने समर्थन के प्रतीकात्मक प्रदर्शन के तौर पर पेश किया है।

युवाओं से ‘ह्यूमन चेन’ बनाने की अपील

ईरान के खेल और युवा मंत्रालय ने युवाओं से मंगलवार दोपहर 2 बजे ऊर्जा प्लांट्स के पास इकट्ठा होने के लिए कहा है। अधिकारियों के मुताबिक, बढ़ते तनाव के बीच यह कदम राष्ट्रीय एकजुटता दिखाने के लिए उठाया गया है।

युवा मामलों के उपमंत्री अलीरेजा रहीमी ने कहा कि यह पहल खुद युवाओं के सुझाव पर शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के छात्रों, युवा कलाकारों और संगठनों ने प्रस्ताव दिया कि हम देश के पावर प्लांट्स के आसपास एक ह्यूमन चेन बनाएं।

बता दें कि इस अभियान को ह्यूमन चेन ऑफ ईरान्स यूथ फॉर अ ब्राइट फ्यूचर नाम दिया गया है, जिसका मकसद देश की सुरक्षा और भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता दिखाना है।

ट्रंप ने दी ईरान को डेडलाइन

दरअसल, यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को मंगलवार रात 8 बजे तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने का अल्टीमेटम दिया है।

ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान ऐसा नहीं करता, तो अमेरिका कड़ी सैन्य कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका जरूरत पड़ने पर पुलों और बिजली संयंत्रों जैसे अहम ढांचे को निशाना बना सकता है।

हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले से गंभीर कानूनी और मानवीय संकट खड़ा हो सकता है।

बढ़ता टकराव, गहराता संकट

इस बीच ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। कड़े बयानों और प्रतीकात्मक कदमों से संकेत मिल रहे हैं कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर टकराव और गहरा सकता है। बताया जा रहा है कि ईरान से जुड़ा यह युद्ध अब अपने छठे हफ्ते में पहुंच चुका है, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है।

Updated on:
07 Apr 2026 09:23 am
Published on:
07 Apr 2026 09:23 am