विदेश

इजरायल का ऐलान- जब तक हिज्बुल्लाह खत्म नहीं होता, दक्षिणी लेबनान से सेना नहीं हटेगी

Lebanon Politics: इजरायल के वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच ने साफ कहा है कि जब तक लेबनान में हिज्बुल्लाह का अस्तित्व रहेगा, तब तक दक्षिणी लेबनान से इजरायली सेना पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने हिज्बुल्लाह को आतंकी संगठन बताते हुए उसे पूरी तरह खत्म करने की मांग की है।

2 min read
Jun 23, 2026
Israeli Military
इजरायल के वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच (Photo-X)

Middle East Conflict: इजरायल के वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच ने हिज्बुल्लाह को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक लेबनान में हिज्बुल्लाह का अस्तित्व रहेगा और मौजूदा सरकार सत्ता में रहेगी, तब तक दक्षिणी लेबनान से इजरायल की सेना पीछे नहीं हटेगी। दरअसल, हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को समझौता हुआ है। इस प्रस्ताव पर दोनों देशों ने हस्ताक्षर कर दिए है, जिसमें लेबनान में सैन्य कार्रवाई को रोकने का बिंदु भी शामिल था।

आर्मी रेडियो से बातचीत में उन्होंने कहा कि दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र से इजरायली सेना की वापसी नहीं होगी। इसमें ब्यूफोर्ट रिज भी शामिल है। 

हिज्बुल्लाह को बताया आतंकी संगठन

इस दौरान हिज्बुल्लाह को आतंकी संगठन भी बताया है। उन्होंने कहा कि इसे पूरी तरह से खत्म करना जरूरी है। स्मोट्रिच ने कहा कि हिज्बुल्लाह न केवल हथियारों से लैस नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे लेबनान की राजनीति से भी पूरी तरह बाहर किया जाना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि जब तक उसके पास ऐसी कोई भी ताकत रहेगी, जिससे उत्तरी इजरायल के लोगों को खतरा हो सकता है, तब तक सेना की वापसी का सवाल ही नहीं उठता।

अमेरिका और ईरान समझौते पर क्या बोले वित्त मंत्री

वहीं उन्होंने आर्मी रेडियो से बातचीत करते हुए अमेरिका और ईरान के समझौते पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शांति वार्ता और अमेरिकी दबाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि इजरायल अपने रुख पर अडिग है और इस संबंध में अमेरिका को भी स्पष्ट संदेश दे दिया गया है।

वित्त मंत्री ने यह भी दावा किया कि इजरायली सेना अभी भी दक्षिणी लेबनान में आतंकवादी ढांचे को नष्ट करने के अभियान में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 से 20 वर्षों में हिज्बुल्लाह द्वारा बनाए गए कई किलोमीटर लंबे भूमिगत रणनीतिक नेटवर्क को भी पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।

अमेरिका की मध्यस्थता में होगी बैठक

बता दें कि इस सप्ताह इजरायल और लेबनान के बीच उच्चस्तरीय बैठक आयोजित होगी। इसकी मध्यस्थता अमेरिका करेगा। बैठक के बारे में अमेरिकी अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार से गुरुवार तक चलने वाली इस बैठक की शुरुआत संयुक्त राजनीतिक और सैन्य सत्र से होगी, जिसके बाद एक अलग सैन्य और एक राजनीतिक बैठक आयोजित की जाएगी।

ये वार्ताएं अमेरिकी विदेश विभाग (स्टेट डिपार्टमेंट) और रक्षा विभाग (पेंटागन) में होंगी। इजरायल और लेबनान की ओर से वॉशिंगटन स्थित उनके राजदूत प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि अमेरिका की ओर से स्टेट डिपार्टमेंट के काउंसलर डैन होलर और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सहायक रक्षा सचिव डैन जिमरमैन शामिल होंगे।

Published on:
23 Jun 2026 01:40 pm