विदेश

सीज़फायर के बाद नेतन्याहू की ईरान को धमकी – ‘ट्रिगर पर है हमारी उंगली, ज़रूरत पड़ी तो फिर करेंगे हमला’

Israel Iran war update: इजरायली पीएम नेतन्याहू ने स्पष्ट कर दिया है कि सीजफायर के बावजूद इजरायल की कार्रवाई खत्म नहीं हुई है।
2 min read
Apr 09, 2026
Benjamin Netanyahu statement on Iran attack, Israel Iran conflict latest news, Netanyahu Fox News interview,
इजरायली पीएम नेतन्याहू ने ईरान को दी चेतावनी (Photo-IANS)

Benjamin Netanyahu Statement: अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल ने एक महीने से ज्यादा चले युद्ध में ईरान की सत्ता की नींव हिला दी है। उन्होंने कहा कि इजरायल अब पहले से ज्यादा मजबूत स्थिति में है और उसने अपने कई अहम सैन्य लक्ष्य हासिल कर लिए हैं।

कार्रवाई खत्म नहीं हुई- इजरायल

इजरायली पीएम नेतन्याहू ने स्पष्ट कर दिया है कि सीजफायर के बावजूद इजरायल की कार्रवाई खत्म नहीं हुई है। उनके अनुसार, यह दो हफ्तों का सीजफायर सिर्फ एक माइलस्टोन है और जरूरत पड़ने पर इजरायल कभी भी फिर से सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकता है।

डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित इस अस्थायी सीजफायर को लेकर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह इजरायल के साथ समन्वय में लिया गया था। उन्होंने कहा कि हमें आखिरी समय में कोई सरप्राइज नहीं मिला।

ईरान को दी चेतावनी

इस दौरान नेतन्याहू ने ईरान को भी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि इजरायल किसी भी समय लड़ाई में लौटने के लिए तैयार है और कहा कि हमारी उंगली ट्रिगर पर है। उन्होंने यह भी दावा किया कि युद्ध के बाद ईरान पहले से ज्यादा कमजोर हो गया है और अब वह अमेरिका के साथ बातचीत की मेज पर मजबूरी में आ रहा है। 

नेतन्याहू ने यह भी दावा किया कि अगर इजरायल ने पिछले एक साल में ईरान के खिलाफ कार्रवाई नहीं की होती, तो तेहरान अब तक परमाणु हथियार हासिल कर चुका होता।

नेतन्याहू ने गिनाई उपलब्धियां

युद्ध में हासिल की गई उपलब्धियों को गिनाते हुए प्रधानमंत्री ने दावा किया कि इजरायल ने ईरान की मिसाइल मशीन को नष्ट कर दिया, जिससे वह नई मिसाइलें बनाने में असमर्थ हो गया, जबकि क्षेत्र भर में लक्ष्यों पर किए गए प्रत्येक हमले के साथ उसकी मिसाइलों का भंडार कम होता जा रहा था।

उन्होंने कहा कि हमने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को भी बुरी तरह से प्रभावित किया, जिसमें उसके सेंट्रीफ्यूज उत्पादन कारखाने भी शामिल थे और उसके कई परमाणु वैज्ञानिकों को मार डाला।

उन्होंने कहा कि ईरान के सभी संवर्धित यूरेनियम को देश से बाहर निकाल लिया जाएगा। पीएम नेतन्याहू ने दावा किया कि इस मामले पर अमेरिका और इजरायल पूरी तरह सहमत हैं।

Updated on:
09 Apr 2026 07:45 am
Published on:
09 Apr 2026 07:45 am