Indians Shot in Bergamo Italy: इटली के कोवो में बैसाखी उत्सव के दौरान गुरुद्वारे के बाहर दो भारतीय रागिंदर सिंह और गुरमीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चश्मदीद ने बताया कि हमलावर भी भारतीय है, जो अक्सर गुरुद्वारे में आया-जाया करता था
Italy Gurdwara News: इटली के बर्गामो प्रांत में बैसाखी की तैयारियों के दौरान एक दर्दनाक घटना ने भारतीय समुदाय को सदमे में डाल दिया है। 17 अप्रैल की रात करीब 11:50 बजे कोवो शहर के औद्योगिक क्षेत्र में गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के बाहर दो भारतीयों (48) को गोली मार दी गई। मृतकों की पहचान रागिंदर सिंह (कोवो निवासी) और गुरमीत सिंह (अग्नाडेलो निवासी) के रूप में हुई। हमलावर ने करीब से फायरिंग की और कार में सवार होकर फरार हो गया। घटना स्थल से करीब 10 खाली कारतूस बरामद हुए हैं।
बैसाखी के जश्न की तैयारियां चल रही थीं। गुरुद्वारे के लिए इस्तेमाल हो रहे गोदाम से बाहर निकलते समय दोनों व्यक्ति को निशाना बनाया गया। हमलावर ने अचानक कार से उतरकर उन पर फायरिंग की। एक चश्मदीद ने बताया कि हमलावर भी भारतीय है, जो अक्सर गुरुद्वारे में आया-जाया करता था। फायरिंग में एक तीसरे व्यक्ति के कान के पास गोली लगने से वह बचा। पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इटली पुलिस ने बताया है कि यह कोई अचानक झगड़े की घटना नहीं लगती। जांच से पता चला हैं कि हमला पहले से सोची-समझी साजिश हो सकती है। हमलावर ने कार से उतरकर करीब से कई गोलियां चलाईं और तुरंत भाग निकला।
इटली में रह रहे भारतीयों और सिख समुदाय ने इस घटना की निंदा की है। दोनों मृतक स्थानीय समुदाय से जुड़े हुए थे। रागिंदर सिंह कोवो में रहते थे और गुरमीत सिंह अग्नाडेलो से थे। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच तेज कर दी है और सीसीटीवी फुटेज व गवाहों के बयानों के आधार पर हमलावर की तलाश कर रही है। भारतीय दूतावास स्थिति पर नजर रखे हुए है। इस घटना ने विदेश में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। बैसाखी जैसे पावन त्योहार पर हुई इस वारदात ने भारतीयों की सुरक्षा के मुद्दे एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।