Donald Trump Statement on Iran Deal: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते में हो रही देरी पर नाराजगी जताई, कहा कि अमेरिका ईरान पर फिर से कड़ा हमला कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि डील लगभग पूरी हो चुकी है और केवल हस्ताक्षर बाकी हैं, वहीं रूस ने दोनों देशों से संयम बरतने और कूटनीतिक समाधान अपनाने की अपील की।

Donald Trump on Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान से समझौता हो रही देरी पर गहरी निराशा जताते हुए कहा कि वॉशिंगटन तेहरान पर फिर से हमले शुरू करेगा। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान की तरफ से अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने से पुनः सैन्य कार्रवाई का आधार मिल गया है। अमेरिका पहले ही ईरान पर हमले कर चुका है और उसके खिलाफ सैन्य अभियान जारी रखेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हमने कल उन पर कड़ा प्रहार किया। आज भी हम उन पर जोरदार हमला करने जा रहे हैं, अगर आप इसे देखने से चूक गए हों, अगर आप अपना टेलीविजन चालू नहीं कर पाए हों तो भी आपको पता चल जाए, और फिर देखेंगे कि समझौते का क्या होता है।'
तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात का दावा किया है कि ईरान के साथ समझौता पहले ही हो चुका है और केवल तेहरान की मंजूरी बाकी है। उन्होंने कहा कि उन्हें बस कागज पर हस्ताक्षर करने हैं। बातचीत पूरी हो चुकी है। उन्होंने आगे कहा हमारे पास पूरी तरह से बातचीत की हुई डील है, लेकिन वे टाल-मटोल कर रहे हैं। वे कहते हैं, ठीक है, उन्हें कुछ और दिन देते हैं।' वे टाल-मटोल इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि यह एक महत्वपूर्ण कागज है।' डोनाल्ड ट्रंप ने समझौते पर जोर देते हुए कहा, 'मैं कई महीनों से ईरान के साथ काम कर रहा हूं, उन्हें डील पर साइन करना चाहिए। यह एक अच्छी डील है।'
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच रूस ने दोनों देशों से संयम बरतने और कूटनीति की ओर लौटने का आह्वान किया है। इस संबंध में रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि हालिया घटनाक्रम को लेकर रूस चिंतित है। रूसी विदेश मंत्रालय की ओर से किए गए एक पोस्ट में मारिया जखारोवा ने कहा, 'हम अमेरिका-ईरान के बीच सशस्त्र टकराव के नए दौर को लेकर बहुत चिंतित हैं। हम दोनों पक्षों से संयम बरतने और तुरंत सैन्य हमले रोकने का आग्रह करते हैं।' इसके साथ ही मारिया जखारोवा ने यह भी कहा कि रूस आपसी सहमति वाले बातचीत-आधारित समाधान खोजने और उन्हें लागू करने में मदद करने के लिए तैयार है।