
Three Indian Seafarers Missing Oman Tanker Attack (Representative Image - IANS)
Three Indian Seafarers Missing Oman Tanker Attack: ओमान के तट के पास एक मालवाहक जहाज पर हमला हुआ, जिसमें सवार 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि तीन भारतीय अभी भी लापता हैं। भारत सरकार ने इस घटना की निंदा की है और कहा है कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर बचाव अभियान पर नजर रखे हुए है।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि ओमान तट के पास हुए इस हमले को लेकर भारत गंभीर चिंता व्यक्त करता है। मंत्रालय के अनुसार, जहाज पर मौजूद 24 भारतीयों में से 21 को अब तक सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि तीन भारतीयों की तलाश जारी है। बचाव अभियान में ओमानी प्रशासन की मदद ली जा रही है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ओमान सरकार और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है। लापता भारतीयों की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। भारत ने उम्मीद जताई है कि सभी लापता नाविकों का जल्द पता लगा लिया जाएगा।
भारत ने कहा कि क्षेत्र में लगातार व्यावसायिक जहाजों पर हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। मंत्रालय ने बयान में कहा कि मौजूदा क्षेत्रीय संघर्षों के कारण समुद्री मार्गों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है, जिसका असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और नौवहन पर पड़ रहा है।
भारत ने सभी पक्षों से तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की है। साथ ही कहा है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में व्यावसायिक जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए।
इससे पहले यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने जानकारी दी थी कि ओमान के सोहार तट से करीब 37 किलोमीटर दूर एक जहाज में आग लग गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग इंजन रूम में लगी थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत की भी खबर सामने आई थी।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब हाल के दिनों में ओमान और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ओमान तट के पास एक अन्य जहाज से 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचाया गया था। उस घटना में भी भारतीय दूतावास और ओमानी प्रशासन ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया था। विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर ओमान सरकार को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है और लापता भारतीयों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद जताई है।
Updated on:
10 Jun 2026 09:50 pm
Published on:
10 Jun 2026 09:47 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
