
बिरयानी में लेग पीस मांगने पर होटल मालिक हुआ आग-बबूला | AI Generated Image
Amroha News Hindi: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक साधारण सी मांग युवक के लिए जानलेवा साबित हो गई। कैलसा बाईपास पर स्थित एक होटल में युवक बिरयानी खाने पहुंचा था, लेकिन जब उसने लेग पीस मांग लिया, तो होटल मालिक और उसके साथियों ने उस पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते मामूली बहस हिंसक झगड़े में बदल गई और युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक गंभीर हालत में जब सरकारी अस्पताल पहुंचा तो उसे इलाज के बजाय पहले पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहकर लौटा दिया गया। सूत्रों के अनुसार, युवक खून से लथपथ था, लेकिन अस्पताल कर्मियों ने इलाज से इनकार कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, शहर सीएचसी प्रभारी डॉ. उमर फारुख ने ऐसे किसी भी मामले की जानकारी से साफ इनकार किया है।
अमरोहा पुलिस फिलहाल इस घटना को लेकर जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई औपचारिक तहरीर दर्ज नहीं की गई है। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर ने कहा कि पुलिस को जैसे ही पीड़ित की तहरीर मिलेगी, मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली सी बात पर हुई इतनी बड़ी मारपीट ने इलाके में दहशत फैला दी है।
Updated on:
25 Oct 2025 08:20 am
Published on:
25 Oct 2025 08:20 am
