काबुल। अफगानिस्तान में तालिबान और अमरीका के बीच शांति वार्ता का दौर खत्म होने के साथ ही आतंकी हमले की घटना बढ़ गई है। बीते कई हफ्तों से एक के बाद एक आतंकी हमलों से अफगानिस्तान दहल उठा है।
अब इसी कड़ी में गुरुवार को सैन्य अड्डे के करीब एक आत्मघाती हमले को अंजाम दिया गया। आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन को सैन्य अड्डे के करीब उड़ा दिया। इस हमले में कम से कम चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए हैं।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की जानकारी देते हुए बयान जारी किया है। टोलो न्यूज ने बताया है कि हमले में चार सुरक्षाकर्मी मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए हैं। इस हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है।
तालिबान और सेना के बीच संघर्ष जारी
बता दें कि अफगानिस्तान में सत्ता के लिए तालिबान और अफगान सरकार के बीच दशकों से संघर्ष चल रहा है। अफगानिस्तान में करीब आधे भूभाग में तालिबान का कब्जा है।
2001 से अफगानिस्तान में अमरीकी सेना की तैनाती के बाद से तालिबान और अमरीका के बीच काफी संघर्ष चला, हालांकि इसके बावजूद भी तालिबान की जड़ें कमजोर नहीं हुई।
अब अमरीका और तालिबान के बीच लंबे समय तक चली शांति वार्ता भी खत्म हो गई है और अमरीका अपनी सेना का वापस बुलाने पर विचार कर रही है। इन सबके बीच एक बार फिर से तालिबान ने अफगान सरकार के खिलाफ हमला बोल दिया है।
अभी बीते सप्ताह ही कुंदुज सिटी में तालिबान ने कब्जा कर लिया था, हालांकि सेना ने कार्रवाई करते हुए कुंदुज को खाली करा लिया।