
जापान: भूकंप से मरने वालों की संख्या 35 हुई, भूस्खलन से हुई ज्यादातर मौतें
टोक्यो। जापान के होकैडो द्वीप में आए भूकंप के बाद हुए भूस्खलन से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है । शनिवार को भूस्खलन के मलबे से और शव मिलने से मृतकों की संख्या बढ़ गई। मरने वाले अधिकतर लोग जापान के होकैडो द्वीप के एक छोटे शहर आत्सुमा के रहने वाले हैं। प्रभावित इलाकों में अभी भी मलबे में लोगों को ढूंढने का काम जारी है।
6.6 तीव्रता के आए भूकंप के बाद हुए भूस्खलन में आत्सुमा में एक पहाड़ी भरभरा कर पास के घरों पर गिर गई थी । सरकारी प्रसारक एनएचके ने खबर दी है कि 35 लोगों की मौत हो गई है और पांच अन्य लोग अब भी लापता हैं । भूकंप प्रभावित होक्काइदो द्वीप के सरकारी अधिकारियों ने बताया कि आत्सुमा में पांच लोग अब भी लापता हैं और लगभग 600 लोगों को मामूली चोट आई है।
आत्सुमा शहर में भारी तबाही
गुरुवार को होकैडो में आए भूकंप के बाद आत्सुमा शहर में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। भूकंप के कारण हुए भूस्खलन की वजह से आत्सुमा शहर में सबसे ज्यादा तबाही हुई है। यहां सड़कें धंस गई हैं। चट्टानें खिसकने से सैकड़ों मकान गिर गए हैं। सरकार के आपातकालीन मंत्री ने कहा कि मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। 40 हजार से अधिक राहतकर्मी बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 8 लोग मलबे से जीवित बचाए गए हैं। लेकिन अब माना जा रहा है कि वक्त बीतने के साथ ही जिन्दा बचे लोगों की संभावना बेहद कम है।
युद्ध स्तर पर राहत कार्य
जापान सरकार राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चला रही है। बचाव कार्य में सैकड़ों बुलडोजर, खोजी कुत्ते और 75 हेलिकॉप्टर लगाए गए हैं। सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि राहतकर्मी 24 घंटे सेवा दे रहे हैं।प्रधानमंत्री शिंजो आबे रविवार को होकैडो के भूकंप प्रभावितों नागरिकों से मुलाकात करेंगे । रविवार सुबह तक होकैडो में लगभग 19,000 परिवारों को जल की आपूर्ति नहीं की जा सकी है। होकैडो में करीब 12,300 लोग अभी भी 430 आपातकालीन आश्रयों में रह रहे हैं।
बता दें कि जापान के होकैडो प्रांत में गुरुवार को रिक्टर पैमाने पर 6.7 तीव्रता के भूकंप के झटके आये थे। भूकंप का केंद्र होकैडो द्वीप के उत्तर में 40 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
Updated on:
09 Sept 2018 11:50 am
Published on:
09 Sept 2018 11:47 am
बड़ी खबरें
View Allएशिया
विदेश
ट्रेंडिंग
