
बांग्लादेश : नदी में डूबने से 5 फुटबॉल खिलाड़ियों की मौत, सभी के शव बरामद
ढाका। बांग्लादेश में पांच किशोर फुटबाल खिलाड़ियों की मौत का मामला अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी छा गया है। डूबने से हुई पांचों फुटबॉल खिलाड़ियों के शव रविवार को बरामद कर लिए गए। ये खिलाड़ी शनिवार शाम को नदी में तैराकी करते वक्त डूब गए थे। चकारिया पुलिस थाने के प्रभारी बख्तियारउद्दीन चौधरी ने कहा कि फायर सर्विस और नागरिक सुरक्षा के गोताखोरों की टीम को शव मिले। मृतक ढाका से लगभग 292 किलोमीटर दूर कॉक्स बाजार जिले के स्थानीय ग्रामर स्कूल के छात्र थे। फुटबॉल मैच के बाद वे नहाने चले गए।
नहाने गए थे बच्चे
जांच अधिकारी के मुताबिक, शनिवार शाम को स्थानीय समयानुसार लगभग चार बजे छह बच्चे मातामुहूरी नदी में तैराकी करने गए थे लेकिन पानी के तेज बहाव में वे बह गए। इनमें से सिर्फ एक तैरकर तट के पास पहुंचने में कामयाब रहा। पुलिस अधिकारी बख्तियारउद्दीन चौधरी का कहना है कि शनिवार को 22 स्कूली छात्रों ने मैत्री फुटबॉल मैच खेला। मैच खेलने के बाद 6 छात्र नदी में नहाने लगे। छात्र नदी में उस जगह तैर रहे थे जहां गहराई ज्यादा थी और उस जगह को काफी खतरनाक बताया जाता है। नहाते-नहाते छात्रों की मौत हो गई। करीब छह घंटों तक शवों की खोजबीन की गई।घंटों पर नदी से सभी शवों को बाहर निकाल लिया गया। मृतकों में दो सगे भाई भी थे। इस हादसे के बाद परिवार को रो-रोकर बुरा हाल है। खबरों के मुताबिक किशोर खिलाड़ियों की मौत से सभी सकते में हैं और पूरे जिले में सन्नाटा पसरा है। मृतकों की शवयात्रा में हजारों लोग शरीक हुए। बता दें कि बांग्लादेश में क्रिकेट काफी मशहूर है। लेकिन फुटबॉल विश्व कप के दौरान वहां लोगों के सिर पर फुटबॉल का खुमार छा जाता है। लोग अपनी टीम को चीयर करते नजर आते हैं। बांग्लादेशी फैंस ज्यादातर ब्राजील और अर्जेंटीना के दिवाने हैं।
Updated on:
16 Jul 2018, 11:28 AM IST
Published on:
16 Jul 2018, 11:19 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.