
अफगानिस्तान: तीन स्कूलों पर आतंकियों ने किया ग्रेनेड से हमला, हजारों छात्र प्रभावित
काबुल। अफगानिस्तान के पूर्वी पकतीका प्रांत की राजधानी शरन के बाहरी इलाके से आतंकी हमले की खबर आई है। जानकारी के मुताबिक सोमवार को आतंकवादियों ने तीन स्कूलों पर हथगोलों व रॉकेट से हमला बोल दिया। इस बारे में प्रांत के शिक्षा विभाग के उप प्रमुख नसीम वाजिद ने सूचना साझा किए।
हजारों छात्रों को स्कूलों से दूर रहने की दी गई हिदायत
यह जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इस हमले ने हजारों छात्रों को स्कूलों से दूर रहने के लिए मजबूर किया है। मीडिया से बात करते हुए वाजिद ने कहा, 'अज्ञात आतंकवादियों ने सोमवार को स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजे हजरत बेलाल व सैयद जलाल बुखारी हाईस्कूल को हथगोलों से निशाना बनाया। इसके अलावा शरन शहर के बाहर एक अन्य स्कूल पर रॉकेट से हमला भी किया। हालांकि इन हमलों के दौरान कोई छात्र मौजूद नहीं था।'
सभी स्कूल विस्फोट से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त
इस संबंध में अधिकारी ने कहा कि स्कूल विस्फोट से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। आपको बता दें कि सामान्य तौर पर अफगानिस्तान में स्कूल स्थानीय समयानुसार सुबह 8.00 बजे खुलते हैं। यही कारण है कि इन हमलों में किसी के जान को कोई नुकसान नहीं हुआ।
किसी समूह ने नहीं ली है हमले की जिम्मेदारी
मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि इस हमले की किसी समूह ने जिम्मेदारी नहीं ली है। लेकिन दूसरी ओर स्थानीय लोगों और अधिकारियों की ओर दिए जा रहे बयान की माने तो हमले में तालिबान आतंकवादियों के शामिल होने से इनकार भी नहीं किया है।
Published on:
3 Sep 2018, 5:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.