
Lunar Eclipse 2023 Chandra Grahan 2023 Impact on your zodiac sign: चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती हैं। पृथ्वी, सूर्य के प्रकाश को चंद्रमा तक पहुंचने से रोक देती है। वहीं चंद्रमा पर अपनी छाया डालती है। आमतौर पर चंद्र ग्रहण पूर्णिमा की रात को ही होता है। चंद्रमा को मन का कारक माना जाता है। यह हमारी भावनाओं, जुनून, मनोदशा और रचनात्मकता का कारक है। पत्रिका.कॉम के इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि साल 2023 का पहला चंद्र ग्रहण कब लगने जा रहा है? क्या यह भारत में दिखाई देगा? ज्योतिषाचार्य पं. अमर अभिमन्यु डब्बावाला आपको बता रहे हैं, चंद्र ग्रहण का राशि चक्र की 12 राशियों पर कैसा असर दिखेगा? किसे खुशियां मिलेंगी और किसे निराशा...
जानें कब और कहां दिखेगा चंद्र ग्रहण?
इस साल 2023 में कुल 4 ग्रहण हैं - 2 सूर्य ग्रहण और 2 चंद्र ग्रहण। साल का पहला सूर्य ग्रहण हाल ही में 20 अप्रैल को लगा है। वहीं अब साल का पहला चंद्र ग्रहण 5 मई 2023 को होगा। 5 मई की रात में 8 बजकर 44 मिनट से शुरू होगा और 6 मई 2023 को रात 1 बजे तक चलेगा। चंद्र ग्रहण की कुल अवधि लगभग 4 घंटे 15 मिनट रहेगी। यह चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा और उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा। साल 2023 का अगला और आखिरी चंद्र ग्रहण 28 अक्टूबर 2023 को होगा।
यहां दिखाई देगा चंद्र ग्रहण
साल का पहला चंद्र ग्रहण हिंद महासागर, अंटार्कटिका, अटलांटिक, एशिया के कुछ हिस्सों में, दक्षिणी-पश्चिमी यूरोप में, अफ्रीका और प्रशांत महासागर से दिखाई देगा। लेकिन यह चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा।
भारत में सूतक का समय
ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक सूर्य ग्रहण से 12 घंटे पहले और चंद्र ग्रहण से 9 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है। सूतक काल को अशुभ समय माना जाता है। सूतक काल की इस अवधि में कोई भी शुभ कार्य वर्जित माना जाता है। हालांकि इस बार चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। इसीलिए यहां सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। सूतक ऐसा समय होता है, जब मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। इस अवधि में खाने-पीने की मनाही होती है। खासकर गर्भवती महिलाओं को कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी जाती है।
चंद्रग्रहण का आपकी राशि पर प्रभाव
कोई भी ग्रहण हो सूर्य ग्रहण या चंद्र ग्रहण, माना जाता है कि इनका मानव जीवन पर 6 महीने तक प्रभाव देखा जाता है। यहां पढ़ें राशि चक्र की 12 राशियों पर चंद्र ग्रहण शुभ प्रभाव डालेगा या अशुभ...
मेष
मेष राशि के लोगों को चंद्रग्रहण की अवधि में मानसिक और भावनात्मक तनाव हो सकता है। सेहत से जुड़ी कोई परेशानी हो सकती है। हालांकि इस समय आप नौकरी और कॅरियर के क्षेत्र में बेहतर परिणाम देंगे। आपको इस अवधि में कुछ एजुकेशनल प्रॉफिट भी हो सकते हैं। यानी आप में से कुछ लोग खुद को प्रोफेशनल रूप से अपग्रेड करने के लिए नए प्रोग्राम और प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकते हैं। आपकी आवाज और कम्युनिकेशन में सुधार होगा। जिससे आप लोगों को प्रभावित करने में सफल होंगे। जो लोग ऑनलाइन काम पर किसी तरह का रिसर्च कर रहे हैं, तो यह समय आपके लिए लाभ देने वाला रहेगा।
करें ये उपाय - आपको इस अवधि में ऊं नम: शिवाय मंत्र का 108 बार जाप करना चाहिए।
वृष
वृष राशि के लिए यह चंद्र ग्रहण आर्थिक हानि दिलाने वाला हो सकता है। इसीलिए थोड़ा सोच-समझकर चलें। मैनेजमेंट को लेकर जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें। इस समय आपके कुछ पेंडिंग कानूनी मामले बंद हो सकते हैं। यह भी आशंका है कि कोई भी मामला आपके पक्ष में न रहे। इसीलिए इस पर आप क्या कदम उठाएंगे इसकी रणनीति पहले से ही तय करके चलें। घर-परिवार से दूर यात्रा के योग बन रहे हैं। जिससे आपकी परेशानी बढ़ेंगी, क्योंकि आपका बाहर जाना जरूरी होगा।
करें ये उपाय - इस अवधि में लक्ष्मी चालीसा का पाठ करने से लाभ होगा।
मिथुन
मिथुन राशि के लोगों के लिए यह चंद्र ग्रहण कुछ हद तक शुभ रहेगा। आपको इस अवधि में वित्तीय लाभ होंगे। यह आपकी आय के साधन भी बढ़ाएंगे। ये लाभ आपके लिए अच्छे होंगे और आपके जीवन में भोग-विलास की चीजों में इजाफा करने वाले होंगे। आर्ट से जुड़े लोग अपने जुनून के साथ नए प्रयोग करेंगे और सफल होंगे। जिससे इनकी लाइफ खुशनुमा रहेगी। नई संपत्ति खरीदने के योग बन रहे हैं। जो लोग पहले से संपत्ति खरीदने के बारे में सोच रहे हैं, उनका सौदा भी हो सकता है।
करें ये उपाय- इस अवधि में इस राशि के लोगों को कुबेर मंत्र का जाप करने से लाभ होगा।
कर्क
कर्क राशि वाले लोग इस दौरान इमोशनल और मानसिक रूप से बहुत ज्यादा एक्टिव रहेंगे। चूंकि चंद्रमा आपके राशि चक्र के स्वामी भी हैं इसीलिए आपकी संवेदनशीलता का स्तर अपने पीक पर होगा। हो सकता है कि इस अवधि में आपका आपके प्रियजनों से ही विवाद हो जाए। इस अवधि में भावनाओं पर और क्रोध पर नियंत्रण पाने की कोशिश करें। चीजों को पर्सनल रूप से न लें, बल्कि उनसे सीखने का प्रयास करें। आप अपनी प्रोफेशनल लाइफ में भी परेशान हो सकते हैं।
करें ये उपाय - इस अवधि में आप ऊं शब्द का 108 बार जाप करें, लाभ होगा।
सिंह
सिंह राशि के लोगों को इस अवधि में धैर्य की परीक्षा देनी होगी। इनके कार्यों में देरी होगी। प्रोफेशनल और पर्सनल दोनों ही लाइफ प्रभावित होंगी। शनि के कारण दोनों लाइफ में रुकावटों का सामना करना पड़ सकता है। ये रुकावटें बहुत निराशा और आत्म आलोचना या यहां तक कि आपके जीवन में दोष लगाने जैसी परिस्थितियां पैदा कर सकती हैं। इन परिस्थितियों में आप दूसरों पर आरोप लगाना शुरू कर देते हैं, लेकिन अब इनसे काम नहीं चलेगा केवल आपका नुकसान होगा। इसलिए अच्छा यही है कि आप अपने ज्ञान और धैर्य से काम लें। चीजों को अपनी गति से चलने दें। आपका ध्यान आध्यात्मिकता की ओर रहेगा।
करें ये उपाय- इस अवधि में आप शनि चालीसा का पाठ करें, लाभ होगा।
कन्या
कन्या राशि के लोग चंद्र ग्रहण की इस अवधि में खुद को अग्रेसिव महसूस कर सकते हैं। ऐसे में इन्हें अपने पर नियंत्रण रखने की जरूरत होगी। दरअसल आप लोगों में छोटी सी बात को बड़ा बनाने की प्रवृत्ति होती है। इसीलिए आपके लिए सलाह है कि अपनी इस आदत पर नियंत्रण रखें। वहीं अपने व्यवहार में परिवर्तन को लेकर अलर्ट रहें तो आपके लिए उचित रहेगा। हालांकि इस दौरान इस राशि के लोग संपत्ति की खरीद या बिक्री कर सकते हैं। पैतृक संपत्ति का लाभ मिल सकता है।
करें ये उपाय- इस अवधि में आपको हनुमान चालीसा का पाठ करने से लाभ मिलेगा।
तुला
इस राशि के लोगों के लिए चंद्रग्रहण मानसिक तनाव, चिड़चिड़ापन और गुस्सा दिलाने वाला रहेगा। इसीलिए आपको इस अवधि में आत्मसंयम से काम लेना होगा। इस दौरान आप कभी ज्यादा भावुक भी हो सकते हैं। हो सकता है कि आप उन चीजों और परिस्थितियों के बारे में ज्यादा सोचने लगें जो आपको दैनिक रूप से परेशान कर सकती हैं। इस अवधि में आपकी अध्यात्म में रुचि बढ़ेगी। हो सकता है आप किसी आध्यात्मिक कार्यक्रम में भी शामिल हो जाएं।
करें ये उपाय- इस अवधि में जितना हो सके उतने ज्यादा सफेद रंग के कपड़े पहनें, लाभ होगा।
वृश्चिक
वृश्चिक राशि वाले लोगों के लिए चंद्र ग्रहण की यह अवधि निराशा बढ़ाने वाली साबित हो सकती है। आपके कार्यों में रुकावटें आएंगी। यहां तक कि कड़ी मेहनत के बावजूद आपको मन मुताबिक सफलता नहीं मिलेगी। ऐसे में खुद को फिर से प्रेरित करें। धैर्य के साथ बैठें और आराम करें। इस महीने जो कुछ भी हो रहा है उसे होने दें। अंत में चीजें बदलेंगी और समय आपके पक्ष में होगा।
करें ये उपाय- इस अवधि में शनिवार को शनि मंदिर जाने से लाभ मिलेगा।
धनु
धनु राशि के लोगों के लिए चंद्र ग्रहण की यह अवधि उतार-चढ़ाव वाली रहेगी। हालांकि इनका एनर्जी लेवल शानदर रहेगा। भावनात्म रूप से आप अग्रेसिव हो सकते हैं और बहुत खुश भी। दोनों ही स्थितियों में नियंत्रण रखें। इस अवधि में आप बहुत मेहनत के बावजूद आपको थकान नहीं होगी। इस समय मेहनत करना आपके लिए महत्वपूर्ण भी होगा। आप इस अवधि में किसी अपने के लिए घर खरीदने या बेचने की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
करें ये उपाय- इस अवधि में आपको सुन्दरकाण्ड का पाठ करने से लाभ मिलेगा।
मकर
मकर राशि से जुड़े लोगों को चंद्र ग्रहण की यह अवधि परिवार के साथ ही आस-पड़ोस और बुजुर्गों का सहयोग दिलाएगी। ऑफिस और घर दोनों का काम आपको खुशी देने वाला रहेगा। कानूनी मामले पेंडिंग हैं, तो वो बंद हो सकते हैं। लेकिन आपको उन्हें जीतने के लिए अतिरिक्त सतर्कता दिखानी होगी। इस अवधि में आप महसूस करेंगे कि अचानक आपकी रुचि किसी शोध या रेकी जैसे पाठ्यक्रम में बढ़ गई है। दुश्मन भी आपको नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। इस अवधि में आपको धोखा मिल सकता है। सतर्क रहें।
करें ये उपाय- इस अवधि में आप शनिवार को पीपल के पेड़ के नीचे दीया जलाएं, लाभ होगा।
कुंभ
कुंभ राशि के लोगों को चंद्र ग्रहण की इस अवधि में मन मुताबिक परिणाम नहीं मिलेंगे। इसलिए आप दुखी और नाराजगी के दौर से गुजरेंगे। आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे लेकिन परिणाम उसके मुताबिक नहीं मिलेंगे। इसीलिए यह समय आपके धैर्य की परीक्षा का समय होगा। आपको इस दौरान अपने ज्ञान का प्रदर्शन करना होगा, जो आपने वर्षों के अनुभव से प्राप्त किया है। इस अवधि में आप जीवन में कुछ रुकावटों का अनुभव कर सकते हैं।
करें ये उपाय- इस अवधि में आप महामृत्युंजय पाठ का जाप करें तो लाभ होगा।
मीन
मीन राशि के लोगों को चंद्र ग्रहण की इस अवधि में कॅरियर लाभ दिलाएगा। आप प्रोफेशनल लाइफ में बेहतर प्रदर्शन करेंगे। इस बार बहुत सारी नई शिक्षा और ज्ञान साझा करेंगे। हालांकि कुछ कठिनाइयां आपका काम प्रभावित कर सकती हैं, लेकिन आप अपने अनुभव के आधार पर उनसे निपटने में सक्षम होंगे। खुद अपनी मुश्किलों से बाहर भी आ जाएंगे।
करें ये उपाय - इस अवधि में आप गुरुवार के दिन मीठे चावल का दान करें लाभ होगा।
Updated on:
26 Apr 2023 05:45 pm
Published on:
26 Apr 2023 05:32 pm
बड़ी खबरें
View Allधर्म/ज्योतिष
ट्रेंडिंग
