
रामलला के दरबार पहुंचे अनुपम खेर (फाइल फोटो- पत्रिका)
Anupam Kher in Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या के साथ ही देशभर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला गरमाया हुआ है। चंदा विवाद को लेकर मचे इस भारी बवाल और राजनीतिक बयानबाजी के बीच बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने रामनगरी पहुंचकर एक बड़ा ऐलान कर दिया है। अनुपम खेर ने रामलला के दरबार में पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना की और अपनी नई फिल्म की आधिकारिक घोषणा की।
रामलला के दर्शन करने के बाद अनुपम खेर ने बताया कि वे अयोध्या में एक बहुत ही खास और बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी इस नई फिल्म का नाम 'श्री राम भूमि' होगा। कैमरे के सामने जाने और नई फिल्म की शूटिंग शुरू करने से पहले वे रामलला का आशीर्वाद लेने आए थे ताकि, उनका यह प्रोजेक्ट सफलता के साथ पूरा हो सके।
अनुपम खेर ने अपनी इस नई फिल्म के विषय के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि श्री राम भूमि फिल्म मुख्य रूप से राम मंदिर की स्थापना से जुड़े ऐतिहासिक संघर्षों पर आधारित होगी। इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर यह दिखाया जाएगा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का सपना पूरा करने के लिए कितने कष्टों और चुनौतियों का सामना करना पड़ा। चंदा चोरी विवाद के शोरगुल के बीच अनुपम खेर की इस फिल्म की घोषणा ने राम भक्तों और उनके प्रशंसकों के बीच काफी उत्सुकता भी जगा दी है।
चंदा चोरी विवाद पर अपनी बेबाक राय रखते हुए अनुपम खेर ने कहा कि किसी एक व्यक्ति की गलती या गलत काम से पूरे मंदिर की गरिमा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर कोई आंच नहीं आती। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए समझाया, "अगर घर में चोरी हो जाए तो लोग चोर को कोसते हैं ना कि उस घर को।" उन्होंने आगे कहा कि दान श्रद्धा और अटूट विश्वास का विषय होता है, इसलिए ऐसी किसी भी घटना के कारण राम भक्तों की आस्था बिल्कुल भी नहीं डगमगानी चाहिए।
आपको बता दें कि इससे पहले अनुपम खेर 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर के ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा समारोह के गवाह बनने के लिए अयोध्या पहुंचे थे। उस खास मौके पर भी उन्होंने रामलला के दर्शन कर पूजा अर्चना की थी और भव्य राम मंदिर के निर्माण को लेकर अपनी गहरी खुशी जाहिर की थी।
संबंधित विषय:
Updated on:
08 Jul 2026 12:18 pm
Published on:
08 Jul 2026 11:13 am
