23 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अयोध्या में बीजेपी के कार्यक्रम में हाई-वोल्टेज ड्रामा: मिल्कीपुर बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में चले लात-घूंसे

Ayodhya News: भाजपा इन दिनों 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत झोंक रही है। इसी कड़ी में अयोध्या में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेल में पार्टी के कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए।
2 min read
Google source verification
bjp-booth-president-conference

अयोध्या बीजेपी सम्मेलन में बवाल

Ayodhya Ruckus: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी अपनी बूथ स्तर की तैयारियों को तेज कर रही है। लेकिन अयोध्या के कुमारगंज में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में पार्टी के कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए। मामला इतना बढ़ा कि लात-घूंसे चल गए और दोनों पक्ष थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत कर बैठे।

बीजेपी बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में हंगामा

यह घटना मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुई, जहां से पहले सपा सांसद अवधेश प्रसाद विधायक रह चुके हैं। यहां हैरिंग्टनगंज, अमानीगंज और मिल्कीपुर मंडल के बूथ अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में चल रहा था। जिला महामंत्री अशोक कसौधन और जिला उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह डिंपल समेत कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।

खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

सब कुछ ठीक चल रहा था। दोपहर का भोजन शुरू हुआ तो अचानक रोटी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कार्यकर्ता कैटरिंग वालों और भोजन व्यवस्था करने वालों से भिड़ गए। गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी दौरान अमानीगंज मंडल महामंत्री सर्वेश तिवारी और नगर पंचायत कुमारगंज के सभासद रवि सिंह के बीच बात इतनी तीखी हो गई कि हाथापाई शुरू हो गई। दोनों तरफ से लात-घूंसे चलने लगे।

सम्मेलन में जमकर चले लात-घूंसे

पार्टी के पदाधिकारियों ने बीच में घुसकर दोनों पक्षों को शांत करने की बहुत कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। आखिरकार कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों पक्ष गुस्से में थाने पहुंच गए। सर्वेश तिवारी ने थाने में तहरीर देकर रवि सिंह पर मारपीट का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि जब पवन गुप्ता उन्हें बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया। वहीं रवि सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि भोजन के बाद बाहर निकलने पर सर्वेश तिवारी उन्हें गालियां दे रहे थे। उनके मौसी के बेटे रोनित सिंह ने पूछा तो उसे भी बुरी तरह पीटा गया।

थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने दोनों पक्षों की शिकायतें ले ली हैं और पीली पर्ची थमा दी है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा इन दिनों 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत झोंक रही है। हर विधानसभा क्षेत्र में बूथ सम्मेलन कर कार्यकर्ताओं को तैयार किया जा रहा है। लेकिन मिल्कीपुर जैसे संवेदनशील इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं के आपसी झगड़े ने संगठन के अंदरूनी कलह की तस्वीर पेश कर दी है।

बड़ी खबरें

View All

अयोध्या

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग