
सपा सांसद अवधेश प्रसाद (फोटो सोर्स- IANS)
Awadhesh Prasad Comment on CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) द्वारा अयोध्या के हनुमानगढ़ी में नमाज, राम मंदिर और समाजवादी पार्टी को लेकर दिए गए हालिया बयानों पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। अवधेश प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रहे हैं। वे राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से जुड़े मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
अवधेश प्रसाद ने कहा- देशभर में आज जिस मुद्दे की चर्चा हो रही है, वह राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित घोटाले का है। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले पर मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं कहा। लोगों के बीच राम मंदिर के चढ़ावे, दान, सोना, चांदी, हीरे-जवाहरात, नकदी और जमीन से जुड़े सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है, लेकिन मुख्यमंत्री ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इससे ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री दबाव में हैं।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने किसानों को खाद की कमी, युवाओं के पेपर लीक, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों जैसे जनसरोकार के मुद्दों पर भी कोई बात नहीं की। सांसद ने कहा- धान की रोपाई का समय है और किसानों को खाद नहीं मिल रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, महंगाई बढ़ रही है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों से आम लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार इन विषयों पर मौन है। भाजपा के पास अब कोई नया मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए पुराने विवादों को दोबारा उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2027 के विधानसभा चुनाव और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की बढ़ती लोकप्रियता को लेकर चिंतित हैं।
अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि 2027 का विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक होगा और भाजपा को जनता का समर्थन नहीं मिलेगा। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा, सरकार की मुश्किलें बढ़ेंगी। राम मंदिर चढ़ावा मामले में एसआईटी जांच पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद ने कहा कि उन्हें इस जांच पर भरोसा नहीं है।
अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि SIT के गठन और उसकी निष्पक्षता पर सवाल हैं। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में एक स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच टीम गठित की जानी चाहिए। अवधेश प्रसाद ने यह भी मांग की कि जांच पूरी होने तक राम मंदिर ट्रस्ट को भंग किया जाए और ट्रस्ट के किसी भी सदस्य को जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने की स्थिति में नहीं रहने दिया जाए।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 'सनातन ही समाजवाद है' वाले बयान का अवधेश प्रसाद ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अब कोई वास्तविक राजनीतिक मुद्दा नहीं बचा है। अखिलेश यादव जो कह रहे हैं, वह केवल भाषण नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक आचरण में भी दिखाई देता है। समाजवादी विचारधारा और उसका व्यवहार एक-दूसरे के अनुरूप हैं, जबकि भाजपा का आचरण उसके दावों से अलग है।
Updated on:
10 Jul 2026 10:08 pm
Published on:
10 Jul 2026 10:07 pm
