
लूट और हत्या का आरोपी घनश्याम वर्मा (फाइल फोटो- पत्रिका)
Absconding accused arrested in Ayodhya: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने आजीवन कारावास की सजा होने के बाद से फरार चल रहे हत्या और लूट के आरोपी को अयोध्या से गिरफ्तार किया है। न्यायालय से 2009 में आरोपी को आजीवन कारावास की सजा हुई थी, जिसके 2 साल बाद वह इलाज के दौरान पुलिस अभीरक्षा से फरार हो गया था। फरार आरोपी को पिछले 15 सालों से पुलिस तलाश रही थी। अब एसटीएफ को उसे गिरफ्तार करने में सफलता हाथ लगी है।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अयोध्या के कैंट थाना क्षेत्र के सआदतगंज बाईपास से 15 साल से फरार गोंडा के कानपुर देहात थाना क्षेत्र के घनश्याम वर्मा उर्फ करण उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने बताया कि आरोपी ने गुजरात के नर्मदा वैली फर्टिलाइजर कंपनी में 16 फरवरी 2008 को सुरक्षा गार्ड की हत्या करके डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद न्यायालय ने 1 सितंबर 2009 को आरोपी को आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया था। इसके साथ ही उस पर अर्थ दंड भी लगाया गया था। आरोपी जूनागढ़ जेल में निरुद्ध था।
एसटीएफ ने बताया है कि जूनागढ़ जेल के बाद उसे वडोदरा की जेल में शिफ्ट किया गया और वडोदरा जेल में निरुद्ध के दौरान इलाज के लिए अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया था। वहीं, 2 जनवरी 2011 को सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी को धक्का दे कर वह फरार हो गया था। आरोपी ने एसटीएफ को बताया है कि फरार होने के बाद वह अमृतसर चला गया और मोटर मैकेनिक का काम करने लगा। वहीं, कोरोना काल में वह अमृतसर से वापस अपने गांव आ गया और अयोध्या पहुंचने के बाद उसने गाड़ियों की व्हील बैलेंसिंग का काम शुरू कर दिया।
यूपी एसटीएफ ने बताया है कि गुजरात से भगाने के बाद उसके खिलाफ वलसाड के वापी टाउनशिप थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं, गुजरात पुलिस ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सहयोग मांगा। इसके बाद एसटीएफ की टीम को गिरफ्तार करने में सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने बताया है कि आरोपी अपना पता बदलकर अयोध्या के सहादतगंज इलाके में रह रहा था। वहीं, मुखबिर द्वारा सूचना मिलने के बाद और गुजरात पुलिस के इनपुट के बाद अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ के मुताबिक, पकड़े गए आरोपों के खिलाफ गुजरात के भरूच बडौदा और वलसाड में मुकदमे दर्ज हैं।
Updated on:
04 Jul 2026 06:29 pm
Published on:
04 Jul 2026 06:29 pm
