
लड़की के सिर की तलाश में जुटी आजमगढ़ पुलिस
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. दिल्ली की श्रद्धा की तर्ज पर एक लड़की की हत्या आजमगढ़ में की गई। श्रद्धा को उसी के प्रेमी ने 35 टुकड़े में काट दिया था लेकिन आजमगढ़ में लड़की के पांच टुकड़े किसने किए पता नहीं है। लड़की के एक हाथ में कड़ा और दूसरी हाथ में धड़ी संकेत दे रही है कि वह हिंदू है लेकिन उसका नाम क्या है। वह कहां की रहने वाली।
वह सुदूर गांव में कैसी पहुंची और उसकी हत्या कहां कर शव को कुएं में फेंका गया कुछ भी पता नहीं है। मौके पर खून का कोई निशान नहीं है। डॉग स्क्वायड व फोेरेंसिक टीम कुछ खास सुराग नहीं लगा सकी है। ऐसे मेें गुत्थी और उलझ गई है। सिर अब तक पुलिस को नहीं मिला है। ऐसे में लड़किओं की मिसिंग रिपोर्ट ही पुलिस के पास एक सहारा है जिसके जरिए वह लड़की की पहचान और हत्यारे के सुराग में जुटी है।
पांच टुकड़े में काट कूंए में फेंका था शव
अहिरौला थाना क्षेत्र के पश्चिमी पट्टी गौरी का पूरा गांव में सड़क किनारे स्थिति कुएं से मंगलवार को पांच टुकड़ों में कटा 22 वर्षीय लड़की का शव मिला था। शव का सिर गायब होने के कारण पहचान संभव नहीं हुई। पुलिस सिर की तलाश में जुटी है।
डॉग स्क्यावड भी नहीं तलाश सकी सिर
डीआईजी अखिलेश कुमार और एसपी अनुराग आर्य डॉग स्क्वायड और फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। खोजी कुतिया भी सिर के बारे में कोई सुराग नहीं लगा पाई। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन जरूर किया। एसपी ने फील्ड यूनिट को मामले के जल्द से जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
गायब लड़कियों का डेटा खंगाल रही पुलिस
शव की पहचान न होने के बाद पुलिस पूर्व में गायब हुई लड़कियों का डेटा खंगाल रही है। आस पास के जिले की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। पुलिस को अब तक कोई ऐसा सुराग नहीं मिला है जिससे शव की पहचान की जा सके।
क्या कुएं में ही है सिर या साथ ले गए हत्यारे
लड़की का सिर कुएं है या हत्यारे अपने साथ ले जाकर कहीं और फेंक दिए यह जानने की कोशिश हो रही है। पुलिस इसके लिए पम्पिंग सेट से कुएं का पानी सुखा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि हो न हो सिर किसी भारी चीज से बांधकर कुएं में फेका गया हो। बहरहाल अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
लड़की के हिंदू होने का शक
लड़की के हाथ पैर बेरहमी से काटे गए थे। लड़की के एक हाथ में कड़ा और दूूसरे हाथ में घड़ी थी। आम तौर पर कड़ा हिंदू लड़कियां ही पहनती हैं। इसलिए यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव किसी हिंदू लड़की का होगा।
क्या कहीं और की गई हत्या?
कुएं के आसपास खून के कोई निशान नहीं है। लाश कम से कम दो दिन पुरानी बताई जा रही है। कुआं पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है। हो न हो हत्या कहीं और की गई हो और शव को यहां ठिकाने लगाया गया हो।
पूर्व में युवक की मिल चुकी है सिर कटी लाश
करीब तीन महीने पहले कंधरापुर थाना क्षेत्र में झाड़ी में एक युवक की सिर कटी लाश पाई गई थी। युवक की लाश के पास भी खून नहीं था। पास में महिला के सैंडिल और कपड़े पाए गए थे। युवक की भी हत्या कहीं और कर शव वहां फेंकने की आशंका व्यक्त की गई थी लेकिन पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
Published on:
16 Nov 2022 12:34 pm
