
पत्रिका
सड़क हादसे में युवक जख्मी, हालत गंभीर
घर के पास हुए सड़क हादसे में घायल युवक को गुरुवार की देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना अंतर्गत अमरजी ग्राम निवासी 35 वर्षीय फूलबदन पुत्र स्व. रामकेर गुरुवार की रात स्थानीय बाजार से साइकिल पर सवार होकर घर जा रहा था। घर से कुछ ही दूरी पर फुलबदन चार पहिया वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। घायल युवक को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बाइक पलटी चालक जख्मी
सरायमीर थाना क्षेत्र के सिकहुला गांव के पास गुरुवार की शाम सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बाइक पलट गई। इस दुर्घटना में बाइक चालक घायल हो गया। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर घायल को रात करीब नौ बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचाराधीन अमित (20) पुत्र शिवपूजन सिंह सरायमीर क्षेत्र के सिकहुला गांव का निवासी बताया गया है।
जहर निगलने से युवक अचेत
अज्ञात कारणों से जहर निगल के अचेत हुए 18 वर्षीय युवक को गुरुवार की देर शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचाराधीन युवक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। तहबरपुर थाना क्षेत्र के बनकट ग्राम निवासी महातम का 18 वर्षीय पुत्र सुरेश गुरुवार की शाम किसी बात से नाराज होकर जहर निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को इस बात की जानकारी हुई। आनन-फानन अचेत युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भूमि विवाद में मारपीट, वृद्ध घायल
कंधरापुर थाना क्षेत्र के रमनपुर गांव में शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद के चलते दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। मारपीट की घटना में एक पक्ष के 65 वर्षीय सत्यदेव बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर घायल वृद्ध को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
By Ran Vijay Singh
Updated on:
10 Nov 2018 08:45 am
Published on:
10 Nov 2018 08:45 am
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
