
बीजेपी सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ
यूपी में तीन सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी को दो सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है। बीजेपी सांसद दिनेश लाल यादव खतौली सीट पर हार स्वीकार कर रहे है लेकिन वे मैनपुरी में बीजेपी की हार नहीं मानते है। आइए जानते हैं इसके पीछे सांसद का क्या है तर्क।
मुलायम सिंह के निधन से खाली हुई मैनपुरी सीट
हाल में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन से मैनपुरी लोकसभा सीट खाली हुई थी। वहीं खतौली और रामपुर में विधायकों के अयोग्य घोषित होने के बाद सीट खाली हो गई थी। इसमें रामपुर और मैनपुरी सीट पर लंबे समय से सपा का कब्जा था। खतौली सीट बीजेपी के पास थी।
उपचुनाव में बीजेपी को मैनपुरी व खतौली में मिली हार
पांच दिसंबर को तीनों सीटों पर मतदान हुआ था। आठ दिसंबर को मतगणना कराई गई। खतौली सीट बीजेपी के हाथ से निकल गई। यहां रालोद प्रत्याशी ने जीत हासिल की। मैनपुरी सीट पर डिंपल यादव ने जीत हासिल की। बीजेपी पहली बार रामपुर सीट जीतने में सफल रही। इसके बाद से ही बीजेपी की रणनीति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसके 2024 के लोकसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा सांसद नहीं मानते मैनपुरी में हार
बीजेपी सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का कहना है कि हम मैनपुरी में बीजेपी की हार नहीं मानते हैं। कारण कि मैनपुरी सपा का गढ़ रहा है। सपा वहां कभी नहीं हारी है। उपचुनाव में सपा के साथ सहानुभूति भी थी। खतौली सीट हमारे पास थी। वहीं रामपुर में हमने सपा का किला ढ़हाया है।
मैनपुरी की जनता को होगा हार का एहसास
निरहुआ का कहना है कि हमें यूपी में दो सीटों पर हार मिली है। मैनपुरी और खतौली में हार के बाद जनता विकास का तुलनात्मक अध्ययन करेगी। आज आजमगढ़ में लगातार विकास का काम किया जा रहा है। जब मैनपुरी की जनता तुलनात्मक अध्ययन करेगी तो उसे अपनी गलती का एहसास होगा।
जल्द ढ़हेगा मैनपुरी का किला
सांसद ने कहा कि बीजेपी ने आजमगढ़ और रामपुर में सपा का किला ढ़हा दिया है। वह दिन दूर नहीं है जब बीजेपी मैनपुरी का किला भी ढ़हाएगी।
बनेगी ट्रिपल इंजन की सरकार
निरहुआ का कहना है कि प्रदेश में भले ही डबल इंजन की सरकार है लेकिन जब सरकार के साथ कोई जिला जुड़ता है तो ट्रिपल इंजन की सरकार हो जाती है। जहां पर सत्ता का जनप्रतिनिधि नहीं होगा, वहां अच्छा काम नहीं हो पाएगा। ऐसे में कमल खिलाने में ही बुद्धिमानी है। जनता की बात सरकार तक पहुंचाने के लिए प्रतिनिधि होना जरूरी है।
जल्द शुरू होगा एयरपोर्ट
एयरपोर्ट के सवाल पर निरहुआ ने कहा कि एयरपोर्ट में जो व्यवधान आया है वह लाइसेंस को लेकर आया है। अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट को लेकर किसानों ने विरोध किया। हम प्रयास कर रहे हैं। कुछ ऐसा हो जिससे जिले के किसान न उजड़े और न ही जिले का विकास रुके।
Published on:
13 Dec 2022 08:19 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
