
बहराइच. भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के देहावसान के बाद उनके अंतिम संस्कार की अस्थि कलश रथ यात्रा बहराइच जिले में पहुंची। बहराइच की सीमा में अस्थि कलश यात्रा के पहुंचते ही जगह- जगह पर लोगों ने अटल जी को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिये लखनऊ के BJP कार्यालय से रवाना हुई अस्थि कलश यात्रा को बीच बीच में रोककर गुलाब के फूलों की बारिश कर दी। इस मौके पर शहर के वातावरण में “जब तक सूरज चांद रहेगा, अटल जी का नाम रहेगा”, नारा जमकर गूंजा। बहराइच पहुंची अटल जी की अस्थि कलश रथयात्रा में कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, उनके पुत्र गौरव वर्मा, अभिषेक वर्मा उर्फ सौरभ वर्मा, बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जयसवाल के सुपुत्र शिवम जयसवाल व पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी के पुत्र निशंक त्रिपाठी सहित तमाम लोग शामिल रहे।
इसके साथ ही अटल जी की अस्थि कलश यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान शहर में श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ा नजर आया। बहराइच के रास्ते होते हुए अटल जी की अस्थि कलश रथ यात्रा श्रावस्ती जिले के लिए रवाना हो गई।