
बहराइच. जिले में विश्व योग दिवस का उत्साह हर तरफ नजर आया। बहराइच के इंदिरा स्टेडियम में सुबह साढ़े 6 बजे से लेकर प्रातः 8 बजे तक हजारों लोगों ने योगाभ्यास किया। इस मौके पर बहराइच की जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक सभाराज ने भी योगाभ्यास किया।
मौके पर मौजूद लोगों को कुशल योग प्रशिक्षकों ने योग की तमाम मुद्राओं जैसे कपाल भाती, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार, सहित तमाम तरह के योगों की टिप्स बताकर लोगों को योग करने का मूलमंत्र बताया।
जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि इस योग कार्यक्रम में जिले के तमाम अफसरों के साथ शहर के लगभग 2 हजार लोगों ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। योग की विधा से तन मन के साथ ही स्वास्थ बेहतर रहता है। इसलिये हर व्यक्ति को रोग से निरोग रहने के लिये योग का रास्ता अपनाना चाहिए।