
lokayukta trap accountant caught taking bribe, लेखापाल वोमेंद्र रोकड़े रिश्वत लेते पकड़ाया (source- patrika)
Balaghat Lokayukta Trap: मध्य प्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। लगभग हर दूसरे दिन कहीं न कहीं लोकायुक्त (Lokayukta Action) रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों को रिश्वत (Bribe) लेते हुए रंगेहाथों पकड़ रही है लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोर बाज आते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले का है जहां लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कायदी में पदस्थ लेखापाल को रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कायदी में पदस्थ सहायक शिक्षक नरेन्द्र कुमार डोहरे ने बीते दिनों लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में फरियादी शिक्षक नरेन्द्र कुमार डोहरे ने बताया था कि उनकी वेतन विसंगति का जुलाई 2017 से दिसंबर 2023 तक का एरियर 94,085 रुपए बना था, जिसमें से आवेदक को 66,557 रुपए पूर्व में मिल चुके थे। शेष 27,528 रुपए एरियर की राशि को निकालने के लिए जब वो लेखापाल वोमेंद्र रोकड़े के पास पहुंचा तो वोमेंद्र रोकड़े ने उससे 4 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर बुधवार को आवेदक नरेन्द्र कुमार को रिश्वत के 4 हजार रुपये देने के लिए रिश्वतखोर लेखापाल वोमेंद्र रोकड़े के पास भेजा। रिश्वतखोर लेखापाल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कायदी के टीचर रूम में रिश्वत देने के लिए बुलाया। मौके पर पहले से लोकायुक्त की टीम सादे कपड़ों में मौजूद थी और जैसे ही लेखापाल ने रिश्वत के 4 हजार रुपये सहायक शिक्षक से लिए तो लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त की टीम के द्वारा स्कूल के टीचर रूम में की गई इस कार्रवाई से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
स्कूल में लेखापाल के रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर लगते ही मीडियाकर्मी भी स्कूल पहुंच गए। मीडिया के कैमरों को देखकर रिश्तखोर लेखापाल वोमेंद्र रोकड़े अपना चेहरा छिपाने लगा। लोकायुक्त टीम ने आरोपी लेखापाल के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) 2018 की धारा-7,13(1)B, 13(2) के अंतर्गत कार्यवाही की है। ट्रैप दल में निरीक्षक राहुल गजभिए, टीएलओ निरीक्षक जितेंद्र यादव, एवम लोकायुक्त जबलपुर का दल शामिल रहा। इस दौरान लोकायुक्त टीम ने आमजन से अपील की है कि है कि कोई भी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी रिश्वत की मांग करे, तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय लोकायुक्त जबलपुर, सिविक सेंटर, जेडीए बिल्डिंग थर्ड फ्लोर पर आकर शिकायत करें या फिर मोबाइल नंबर-7999514544 या दूरभाष नंबर 0761-2408599, 0761-2408588 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
Published on:
24 Jun 2026 05:00 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
